News Info
Go back
13 February, 2025, 07:53 AM
रात को सोने से पहले दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से दूर होंगी ये 5 समस्याएं, जानें सेवन का सही तरीका
Milk With Turmeric And Ghee Benefits: दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से शरीर की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। आइए, जानते हैं इसके फायदों के बारे में विस्तार से -
दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने के फायदे
Benefits Of Milk With Turmeric And Ghee: भारतीय घरों में हल्दी वाला दूध काफी लोकप्रिय है। सर्दी-जुकाम होने पर या चोट लगने पर अक्सर हमारी दादी-नानी हमें हल्दी वाला दूध पीने की सलाह देती हैं। लेकिन क्या आपने कभी दूध में हल्दी और घी डालकर पिया है? जी हां, आयुर्वेद में दूध, हल्दी और घी का खास महत्व बताया गया है। इन तीनों का कॉम्बिनेशन शरीर के लिए अमृत के समान माना जाता है। दरअसल, इन तीनों में एंटीऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो कई तरह की बीमारियों को दूर करने में मदद करते हैं। रात में सोने से पहले दूध में हल्दी और घी डालकर पीने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं। इसके नियमित सेवन से शरीर की कई समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। तो आइए, आयुर्वेद एक्सपर्ट डॉ रितु चड्ढा से जानते हैं दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने के फायदों के बारे में विस्तार से -
इम्यूनिटी बूस्ट करे
दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से शरीर की इम्यूनिटी बूस्ट हो सकती है। दरअसल, हल्दी में मौजूद करक्यूमिन एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-बैक्टीरियल तत्व है, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के मदद करता है। वहीं, घी और दूध भी पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं, जो शरीर को ताकत देते हैं और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं।
जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत दिलाए
दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से जोड़ों के दर्द और सूजन से राहत मिल सकती है। दरअसल, दूध में कैल्शियम भरपूर मात्रा में मौजूद होता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। वहीं, घी जोड़ों में लुब्रिकेशन बनाए रखने में मदद करता है। साथ ही, हल्दी में एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं, जो दर्द और सूजन से आराम दिला सकते हैं।
सर्दी-जुकाम की परेशानी करे कम
अगर आप सर्दी-जुकाम की समस्या से परेशान हैं, तो दूध में हल्दी और घी डालकर पी सकते हैं। इसके लिए एक गिलास गर्म दूध में एक चम्मच घी और चुटकी भर हल्दी डालकर पिएं। इससे खांसी-जुकाम और गले की खराश से राहत मिलेगी। साथ ही, यह बंद नाक को खोलने में भी मदद करेगा।
पाचन संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाए
दूध में हल्दी और घी मिलाकर पीने से पाचन तंत्र दुरुस्त होता है और पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। इसका सेवन करने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं, जिससे पाचन में सुधार होता है। इतना ही नहीं, यह कब्ज, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याओं से राहत दिला सकता है।
त्वचा में निखार लाए
दूध, हल्दी और घी का संयोजन स्किन को अंदर से मॉइश्चराइज करता है, जिससे स्किन अंदर से चमकदार बनती है। खासतौर पर, यह ड्राई स्किन वालों के लिए बेहद फायदेमंद है। नियमित रूप से इस खास ड्रिंक का सेवन करने से न सिर्फ त्वचा का निखार बढ़ता है, बल्कि दाग-धब्बों को हटाने में भी मदद मिल सकती है।
कैसे करें दूध, हल्दी और घी का सेवन?
इसके लिए एक गिलास गर्म दूध लें। इसमें एक चम्मच देसी घी और चुटकीभर हल्दी डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद इसका सेवन करें। नियमित रूप से रात में सोने से पहले इसका सेवन करने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं।
Source:
https://www.thehealthsite.com/hindi/photo-gallery/benefits-of-drinking-milk-with-turmeric-and-ghee-at-night-in-hindi-1185970/




