News Info
Go back
5 February, 2025, 07:35 AM
पुरुषों के शरीर में ये 5 लक्षण हो सकते हैं जानलेवा प्रोस्टेट कैंसर का संकेत, ज्यादातर पुरुष कर देते हैं इग्नोर
Prostate Cancer ke Lakshan: पुरुषों में प्रोस्टेट कैंसर एक गंभीर व जानलेवा समस्या है जिसके कुछ शुरुआती लक्षणों को इग्नोर करना काफी परेशान कर देने वाली समस्या हो सकती है। इस लेख में जानें ऐसे ही लक्षणों के बारे में।
Early signs and symptoms of prostate cancer: प्रोस्टेट कैंसर पुरुषों में होने वाला एक प्रकार का कैंसर है, जो प्रोस्टेट ग्रंथि में विकसित होता है। प्रोस्टेट एक ग्रंथि है, जो मूत्राशय के नीचे स्थित होती है और यह शुक्राणुओं के लिए तरल (सीमन) बनाने का काम करती है। इस कैंसर का विकास धीरे-धीरे होता है व शुरुआत में इसके लक्षण बहुत कम होते हैं। समय के साथ, यह कैंसर आस-पास के अंगों और हड्डियों में फैल सकता है। विशेषज्ञ कहते हैं कि इस बीमारी के प्रारंभिक चरणों में कोई स्पष्ट लक्षण नहीं होते, लेकिन कुछ संकेत हैं जरूर हैं, जिन्हें पहचान कर समय पर इलाज किया जा सकता है। अगर आप इन संकेतों को नजरअंदाज करते हैं, तो स्थिति गंभीर हो सकती है। तो आइए जानते हैं प्रोस्टेट कैंसर के 5 प्रमुख संकेतों के बारे में।
1. पेशाब में बदलाव (Change in the urine)
प्रोस्टेट कैंसर का पहला और सबसे सामान्य लक्षण पेशाब में बदलाव होता है। इससे पुरुषों को बार-बार पेशाब आने, पेशाब करने में कठिनाई या पेशाब की धारा का कमजोर होना महसूस हो सकता है। कभी-कभी पेशाब करते समय दर्द या जलन भी महसूस हो सकती है, जो प्रोस्टेट कैंसर का महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है।
2. पेशाब में खून आना (Blood in urine)
अगर पेशाब में खून आ रहा हो या रक्त मिश्रित हो, तो यह प्रोस्टेट कैंसर का गंभीर संकेत हो सकता है। खून आना हल्का भी हो सकता है, लेकिन इसे अनदेखा नहीं करना चाहिए। यह संकेत प्रोस्टेट ग्रंथि में समस्या होने का संकेत हो सकता है, जिसे तुरंत चिकित्सीय जांच की आवश्यकता है।
3. सेक्सुअल समस्याएं (Sexual problems)
प्रोस्टेट कैंसर के कारण सेक्सुअल समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जैसे इरेक्टाइल डिसफंक्शन यानी लिंग में कठोरता का न आना। यह संकेत हो सकता है कि कैंसर प्रोस्टेट ग्रंथि के पास स्थित नसों को प्रभावित कर रहा है, जिससे यौन कार्यक्षमता पर असर पड़ता है। इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
4. पीठ, हिप्स, या पैरों में दर्द (Pain in back, hips and leg)
प्रोस्टेट कैंसर के बढ़ने पर यह हड्डियों में फैल सकता है, जिससे पीठ, हिप्स और पैरों में लगातार दर्द होता है। अगर यह दर्द लंबे समय तक बना रहे तो इसे नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह कैंसर के फैलने का संकेत हो सकता है। हालांकि, ऐसे हिस्सों में दर्द होना कई बार किसी अन्य कारण से भी हो सकता है।
5. वजन में अचानक गिरावट (Unexplained weight loss)
प्रोस्टेट कैंसर से प्रभावित पुरुषों को अचानक वजन में कमी और थकान महसूस हो सकती है। अगर आपको बिना किसी कारण के वजन कम होता दिखे या आप सामान्य से अधिक थकान महसूस करें, तो यह कैंसर के लक्षण हो सकते हैं। अगर आप इन लक्षणों में से कोई भी संकेत महसूस करते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। प्रोस्टेट कैंसर का समय रहते इलाज करना बहुत महत्वपूर्ण होता है, क्योंकि शुरुआती चरणों में यह पूरी तरह से ठीक हो सकता है।
Source:
https://www.thehealthsite.com/hindi/diseases-conditions/prostate-cancer-ke-lakshan-symptoms-of-prostate-cancer-in-hindi-1182722/




