News Info
Go back
14 August, 2024, 07:00 AM
World Organ Donation Day 2024: अंग दान से जुड़े कुछ जरूरी सवाल और उनके जवाब
13 अगस्त का दिन दुनियाभर में World Organ Donation Day के रूप में मनाया जाता है। जिसका मकसद लोगों में अंग दान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उसे महादान के लिए उन्हें प्रेरित करना है लेकिन आज भी लोगों में अंग दान को लेकर जानकारी की कमी है जिस वजह से वो इसके लिए तैयार नहीं हो पाते। ऐसी ही कुछ जरूरी सवालों के बारे में एक्सपर्ट बता रहे हैं।
हर साल 13 अगस्त तो विश्व अंगदान दिवस मनाया जाता है।
लोगों में अंग दान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है इसे मनाने का मकसद।
एक्सपर्ट ने बताए अंग दान से जुड़े कई जरूरी सवालों के जवाब।
अंग दान के बारे में लोग जानते हैं, इसका महत्व भी समझते हैं, लेकिन फिर भी इसे करने से कतराते हैं, क्योंकि इसे लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल होते हैं। जिस वजह से वो असमंजस में रहते हैं कि कहीं अंग दान के बाद कहीं कोई दिक्कत न हो जाए। ऐसे ही कई सवालों को लेकर हमने सर्वोदय हॉस्पिटल, फरीदाबाद के नेफ्रोलॉजी एंड रीनल ट्रांसप्लाटेशन के एचओडी और डायरेक्टर डॉ. तनमय पांडया से बातचीत की। जिन्होंने कई जरूरी बातें बताई, जान लें आप भी इसके बारे में।
सवाल: क्या अंग दान केवल मृत्यु के बाद ही संभव है?
जवाबः नहीं, अंग दान जीवन के दौरान और मृत्यु के बाद दोनों समय हो सकता है। जीवित रहते हुए डोनर अपनी किडनी में से एक, अपने लिवर का एक हिस्सा और अपने फेफड़े का एक हिस्सा भी दान कर सकते हैं। मृत्यु के बाद, हृदय, फेफड़े, पैनक्रियाज और कॉर्निया जैसे कई अंगों को दान किया जा सकता है, जिससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।
सवाल: क्या अंग दान से शरीर बीमारियों का शिकार हो जाता है?
जवाबः अंग दान करने से शरीर बीमार नहीं होता है। सर्जन पूरी सुरक्षा के साथ अंगों को हटाने का काम करते हैं। कुछ जरूरी सावधानियों के साथ आप अंग दान के बाद भी हेल्दी लाइफ जी सकते हैं।
सवाल: क्या डॉक्टर मेरी जान बचाने के लिए कम मेहनत करेंगे अगर वो जानते हैं कि मैं एक अंग दाता हूं?
जवाबः ऐसा नहीं है। डॉक्टर्स की प्राथमिक जिम्मेदारी जीवन को बचाना है, भले ही कोई रोगी अंग दाता हो। अंग दान पर तभी विचार किया जाता है जब रोगी के जीवन को बचाने के सभी प्रयास विफल हो जाते हैं और डॉक्टरों की एक टीम द्वारा मृत्यु की पुष्टि की जाती है।
सवाल: क्या अंग दान के लिए कोई आयु सीमा है?
जवाबः अंग दान के लिए कोई आयु सीमा नहीं है। अंग दाता के रूप में कोई भी रजिस्ट्रेशन कर सकता है और अंगों का उपयोग करने का निर्णय मृत्यु के समय चिकित्सा मानदंडों पर आधारित होता है।
सवाल: क्या अंग दान के लिए साइन अप करने का मतलब है कि मेरे अंग अपने आप दान हो जाएंगे?
जवाबः अगर आप एक अंग दाता के रूप में साइन अप करते हैं, तो कोई भी दान करने से पहले आपके परिवार या कानूनी रिश्तेदारों से परामर्श किया जाएगा। अपने परिवार के साथ अपने निर्णय पर चर्चा करना जरूरी है जिससे वे आपकी इच्छाओं से अवगत हों और समय आने पर उनका समर्थन कर सकें।
अंग दान के बारे में इन बातों को समझने से कई तरह की गलतफहमियों को दूर करने में मदद मिल सकती है और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसके लिए इसके लिए जागरूक किया जा सकता है।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-world-organ-donation-day-2024-important-things-you-need-to-know-about-organ-donation-23777570.html




