News Info
Go back
14 August, 2024, 06:44 AM
चिपचिपी गर्मी बन सकती है कई समस्याओं की वजह, हेल्दी रहने के लिए भारी उमस में करें 5 फूड्स से परहेज
गर्मी के बाद आने वाली बरसात अपने साथ सिर्फ बीमारियां और संक्रमण ही नहीं बल्कि चिपचिपा और उमस भरा माहौल भी लाती है। ऐसे में इस दौरान अपनी सेहत का खास ख्याल रखना पड़ता है वरना थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। ऐसे में आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कुछ ऐसे फूड्स के बारे में जिनसे आपको उमस में दूरी बनानी चाहिए।
बरसात का मौसम अपने साथ बीमारियों के अलावा उसम भी लेकर आता है।
ऐसे में चिपचिपे और उमस भरे माहौल में रहना काफी मुश्किल हो जाता है।
इसके कुछ फूड्स को डाइट में शामिल करने से मदद मिलेगी।
राजधानी दिल्ली समेत देश के कई इलाकों में भले में ही बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन उमस की वजह से अभी भी लोग परेशान हैं। गर्मी के बाद बारिश का मौसम आता है, तो उमस और चिपचिपा सा मौसम शुरू होता है। ये बड़ा ही चिड़चिड़ा करने वाला मौसम होता है, क्योंकि इस दौरान बारिश की ठंडक और गर्मी की तपन मिल कर जो उमस पैदा करते हैं, वो परेशान करने वाली होती है।
ऐसे में इस दौरान हेल्दी रहने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। खासकर इस दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी होता है। वहीं, कुछ फूड्स ऐसे होते हैं, जिन्हें उमस में खाने से तबीयत और भी बिगड़ सकती है। ऐसे आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे 5 ऐसे फूड्स के बारे में, जिनसे आपको उमस भरे मौसम में परहेज करना चाहिए।
रेड मीट
मीट को पचाना आसान नहीं होता है। इससे शरीर का तापमान बढ़ता है, जिससे उमस भरी गर्मी में ये शरीर को और गर्म करता है। इसलिए रेड मीट से दूरी बनाएं और अन्य नॉन वेज फूड्स को भी एक सीमित मात्रा में खाएं।
स्पाइसी फूड
ज्यादा उमस पेट का हाजमा बिगाड़ सकता है। इस दौरान शरीर का पाचन तंत्र बहुत ज्यादा स्पाइसी और तीखी चीजें खाने के लिए तैयार नहीं होता है, जिसके कारण एसिडिटी, कब्ज और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही गर्म मसालों की तासीर भी गर्म होती है, जो शरीर को और भी गर्म कर देती है। इसलिए इस दौरान बहुत तीखे मिर्च मसाले वाले फूड खाने से बचें।
फ्राइड फूड
डीप फ्राई फूड्स का सेवन उमस में और भी दिक्कतें पैदा करता है। इनमें तेल और अनहेल्दी फैट की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे ब्लोटिंग और गैस के साथ सीने में जलन भी हो सकती है। इसलिए इस दौरान स्टीम्ड, शैलो फ्राई या उबले हुए खाने पर जोर दें।
सीफूड
बारिश और फिर उमस वाली गर्मी का मौसम कई प्रकार के फिश और सी फूड्स का ब्रीडिंग सीजन होता है। इससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाता है। इससे फूड प्वाइजनिंग की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए बेहतर होगा कि इस दौरान सीफूड न ही खाएं।
हरी पत्तेदार सब्जियां
हरी पत्तेदार सब्जियों में इस मौसम में कई बैक्टीरिया और कीड़े-मकौड़े पाए जाते हैं, जिससे पेट के इन्फेक्शन, फूड प्वाइजनिंग जैसी समस्या पैदा हो सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि इनका सेवन न ही करें और अगर करना भी पड़ जाए तो बेहतर होगा कि इन्हें अच्छे से धुल कर और उबाल कर ही खाएं।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-five-foods-to-avoid-during-humid-weather-23778022.html




