News Info
Go back
31 July, 2024, 08:11 AM
तनाव लेने के बाद क्यों होने लगता है गर्दन में दर्द? एक्सपर्ट से जानें
अक्सर देखने को मिलता है कि तनाव लेने के बाद गर्दन में दर्द होने लगता है, ऐसे में आज हम डॉक्टर से इसके पीछे की वजह जानेंगे.
Hindi HealthWhy Does Neck Pain Occur After Stress Know From Doctor In Hindi
तनाव लेने के बाद क्यों होने लगता है गर्दन में दर्द? एक्सपर्ट से जानें
अक्सर देखने को मिलता है कि तनाव लेने के बाद गर्दन में दर्द होने लगता है, ऐसे में आज हम डॉक्टर से इसके पीछे की वजह जानेंगे.
Published: July 31, 2024 6:00 AM IST
By Shweta Bajpai |Edited by Shweta Bajpai
Follow Us
आजकल की भाग दौड़ वाली ज़िन्दगी में तनाव आम बात हो गई है. तनाव कई तरह की समस्याओं को जन्म दे सकता है, जिनमें से एक महत्वपूर्ण समस्या गर्दन में दर्द है. गर्दन में दर्द न केवल असुविधा का कारण बनता है, बल्कि यह हमारी डेली रूटीन को भी प्रभावित कर सकता है. कई बार तनाव के बाद गर्दन में दर्द होने लगता है, ऐसे में डॉक्टर अखिलेश यादव (एसोसिएट डायरेक्टर – आर्थोपेडिक्स और ज्वाइंट रिप्लेसमेंट, मैक्स अस्पताल वैशाली ) से जानेंगे कि क्या तनाव की वजह से भी गर्दन में दर्द होता है?
डॉक्टर अखिलेश यादव ने बताया कि जब हम तनाव में होते हैं, तो हमारे शरीर में कई शारीरिक एक्टिविटी होती हैं. इनमें से एक एक्टिविटी है मांसपेशियों का सख्त हो जाना. गर्दन और कंधे की मांसपेशियां तनाव के दौरान अक्सर सख्त हो जाती हैं, जिससे दर्द और असुविधा होती है. लंबे समय तक तनाव में रहने से यह दर्द बढ़ सकता है और कभी-कभी सिरदर्द का कारण भी बन सकता है.
कारण –
1. मांसपेशियों का सख्त होना- तनाव के दौरान हमारा शरीर ऐसी प्रतिक्रिया करता है, जिससे मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं. खासकर गर्दन और कंधे की मांसपेशियां इस प्रतिक्रिया में प्रमुख रूप से प्रभावित होती हैं. लंबे समय तक यह स्थिति बनी रहने से मांसपेशियों में खिंचाव और दर्द होता है, जिससे असुविधा बढ़ जाती है.
2. गलत बैठने या सोने की स्थिति: तनाव में अक्सर हम अपनी बैठने और सोने की स्थिति का ध्यान नहीं रखते, जिससे गर्दन में दर्द हो सकता है.
3. लंबे समय तक एक ही स्थिति में काम करना तनाव और गर्दन के दर्द का एक बड़ा कारण हो सकता है.जब लोग तनाव में होते हैं, तो वे अक्सर बिना ब्रेक लिए लंबे समय तक कंप्यूटर या मोबाइल पर काम करते रहते हैं, जिससे गर्दन की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. इस स्थिति में, गर्दन और कंधों की मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं, जिससे दर्द और असुविधा होती है.
प्रिवेंशन –
1. आराम करें: तनाव को कम करने के लिए आराम बहुत जरूरी है. ध्यान,योगा और गहरी सांस लेने की तकनीक न केवल मानसिक शांति प्रदान करती हैं, बल्कि मांसपेशियों के तनाव को भी कम करती हैं. ये तकनीकें नियमित रूप से अपनाने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है, जिससे गर्दन के दर्द में भी राहत मिलती है.
2. सही से बैठे: कुर्सी पर सीधे बैठें और रीढ़ की हड्डी को सहारा देने के लिए एक तकिया या बैक सपोर्ट का उपयोग करें. सोते समय, गर्दन के लिए सपोर्टिव तकिया का उपयोग करें और पेट के बल न सोएं, बल्कि पीठ या करवट लेकर सोएं ताकि गर्दन सही स्थिति में रहे और दर्द में राहत मिले.
3. गर्दन और कंधों की मालिश से मांसपेशियों के तनाव को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है. मालिश से ब्लड फ्लो बेहतर होता है, जिससे ताजगी और राहत मिलती है. नियमित मालिश से तनावग्रस्त मांसपेशियों को आराम मिलता है और दर्द में कमी होती है.
4. गर्म और ठंडी सिकाई करें: गर्म और ठंडी सिकाई से मांसपेशियों का तनाव कम होता है और दर्द में आराम मिलता है.
यदि गर्दन का दर्द लंबे समय तक बना रहता है या अन्य गंभीर लक्षण जैसे बुखार, कमजोरी, या हाथों में झनझनाहट महसूस होती है, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं. डॉक्टर आपकी स्थिति की जांच कर सही उपचार की सलाह देंगे. तनाव और गर्दन के दर्द का संबंध सामान्य है, लेकिन इसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए. सही उपायों और जीवनशैली में बदलाव के जरिए इस दर्द को कम किया जा सकता है.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/why-does-neck-pain-occur-after-stress-know-from-doctor-in-hindi-7126092/




