News Info

Go back
बच्चे को जन्म के बाद क्यों दी जाती है विटामिन डी की खुराक? डॉक्टर से जानें

30 July, 2024, 09:33 AM

बच्चे को जन्म के बाद क्यों दी जाती है विटामिन डी की खुराक? डॉक्टर से जानें

बहुत कम लोगों को पता होगा कि बच्चे के जन्म के तुरंत बाद उसे विटामिन-डी की खुराक दी जाती है, लेकिन क्या आपको इसके पीछे की वजह पता है, नहीं तो चलिअ डॉक्टर से जानते हैं.

Vitamin D : शरीर के लिए विटामिन्स जरूरी होते हैं. विटामिन्स के लिए हम तरह-तरह ते चीजों का सेवन करते हैं. स्वस्थ्य शरीर के लिए विटामिन्स जरूरी हैं, लेकिन क्या आपको पता है बच्चे को जन्म के तुरंत बाद विटामिन-डी की खुराक दी जाती है, इसके पीछे का कारण शायद ही आपको पता हो, चलिए डॉ. आस्था दयाल (डायरेक्टर – आब्सटेट्रिक्स और गयनेकोलॉजिस्ट, सी के बिरला हॉस्पिटल गुरुग्राम) से जानते हैं कि इसके पीछे की वजह क्या है.

डॉ. आस्था दयाल ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद बच्चों को विटामिन-डी की ड्रॉप्स देने का मुख्य कारण यह है कि विटामिन-डी बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण होता है. विटामिन-डी हड्डियों की मजबूती और विकास में अहम भूमिका निभाता है.

रिकेट्स का खतरा-

यह शरीर को कैल्शियम और फॉस्फोरस को अवशोषित करने में मदद करता है, जो हड्डियों के विकास के लिए जरूरी होते हैं. नवजात शिशु की हड्डियों को मजबूत और स्वस्थ बनाने के लिए विटामिन-डी की आवश्यकता होती है. रिकेट्स एक बीमारी है जो हड्डियों को कमजोर और टेढ़ा कर देती है. यह आमतौर पर विटामिन-डी की कमी के कारण होती है. विटामिन-डी की ड्रॉप्स देने से बच्चों में इस बीमारी का जोखिम कम हो जाता है.

इम्यून सिस्टम बनाता है मजबूत-

नवजात शिशुओं को आमतौर पर ज्यादा धूप में नहीं रखा जाता क्योंकि उनकी त्वचा बहुत नाजुक होती है. सूर्य की रोशनी विटामिन-डी का एक प्रमुख स्रोत है, लेकिन शिशुओं को इससे पर्याप्त मात्रा में विटामिन-डी नहीं मिल पाता. इसलिए विटामिन-डी की ड्रॉप्स दी जाती हैं. स्तनपान करने वाले शिशुओं को मां के दूध से पर्याप्त विटामिन-डी नहीं मिलता. हालांकि, मां का दूध पोषक तत्वों से भरपूर होता है, लेकिन इसमें विटामिन-डी की मात्रा कम होती है. इसलिए, बच्चों को अतिरिक्त विटामिन-डी की जरूरत होती है. विटामिन-डी बच्चों की इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है.

यह शरीर को बीमारियों और संक्रमणों से लड़ने में मदद करता है. जन्म के बाद, बच्चों की इम्यून सिस्टम विकसित हो रही होती है, और विटामिन-डी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. विटामिन-डी का पर्याप्त स्तर बच्चों के सामान्य विकास के लिए जरूरी है. यह बच्चों के मांसपेशियों और नसों के सही कामकाज में भी मदद करता है.

हड्डियां होती हैं मजबूत-

विटामिन-डी बच्चों के स्वास्थ्य और विकास के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. विटामिन-डी की ड्रॉप्स देना बहुत ही आसान और सुरक्षित तरीका है. इसे बच्चे को सीधे मुंह में डाला जा सकता है और इसमें कोई कठिनाई नहीं होती है. जन्म के तुरंत बाद विटामिन-डी की ड्रॉप्स देने से बच्चों की हड्डियां मजबूत होती हैं, रिकेट्स जैसी बीमारियों से बचाव होता है और उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली को समर्थन मिलता है. इसलिए, डॉक्टर नवजात शिशुओं को विटामिन-डी की ड्रॉप्स देने की सलाह देते हैं ताकि उनका विकास स्वस्थ और मजबूत हो सके.









Source:

https://www.india.com/hindi-news/health/why-is-vitamin-d-given-to-a-child-after-birth-know-from-doctor-7124386/
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help