News Info
Go back
26 July, 2024, 11:01 AM
सिरदर्द की किस अवस्था में डॉक्टर से करना चाहिए कंसल्ट? जानें सही समय
कई बार ऐसा होता है कि हमें तेज सिरदर्द हो रहा होता है, लेकिन हमें समझ नहीं आता है कि हमें डॉक्टर को दिखाना चाहिए या नहीं तो चलिए डॉक्टर से जानते हैं सिरदर्द होने पर डॉक्टर से कंसल्ट कब करना चाहिए.
सिरदर्द आज के समय में आम होता जा रहा है. अधकितर लोग इससे ग्रसित हैं. हालांकि कुछ लोगों को सिरदर्द की परेशानी कभी-कभी होती है, लेकिन कुछ लोगों को ये समस्या बनी रहती है. कभी-कभी यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकता है. इसलिए यह जानना जरूरी है कि सिरदर्द होने पर कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. आइए इसका जवाब डॉ. आदित्य गुप्ता (डायरेक्टर – न्यूरोसर्जरी और साइबरनाइफ , आर्टेमिस हॉस्पिटल गुरुग्राम) से जानते हैं.
सिर दर्द के प्रकार –
1. तनाव सिरदर्द: यह प्रकार का सिरदर्द सिर के चारों ओर एक हल्का या मध्यम दबाव जैसा महसूस कराता है, जैसे किसी ने सिर को कसकर पकड़ा हो. यह आमतौर पर मेन्टल स्ट्रेस, चिंता या थकावट के कारण होता है और दिन के अंत में या काम के लंबे घंटे के बाद बढ़ सकता है.
2. माइग्रेन : माइग्रेन एक प्रकार का सिरदर्द है, जिसमें तेज, धड़कते हुए दर्द की अनुभूति होती है जो आमतौर पर सिर के एक तरफ महसूस होती है. इस दर्द के साथ अक्सर , उल्टी और रोशनी या आवाज़ से दिक्कत भी हो सकती है. माइग्रेन के दौरान व्यक्ति को सामान्य गतिविधियां करना कठिन हो सकता है और यह घंटों से लेकर दिनों तक भी रह सकता है.
3. साइनस सिरदर्द : यह दर्द आमतौर पर उन जगहों पर होता है जहां साइनस होते हैं, जैसे कि माथे,गाल और नाक के आस-पास. इस प्रकार का सिरदर्द साइनस में सूजन और इन्फेक्शन के कारण होता है, जो चेहरे पर दबाव और दर्द का एहसास कराता है. यह दर्द अक्सर एक गहरी दबाव भरी फीलिंग के साथ होता है और नाक की रुकावट या म्यूकस बहने के साथ जुड़ा होता है.
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
1. सिरदर्द में बदलाव: अगर आपके सिरदर्द का पैटर्न बदल जाए, जैसे कि पहले हल्का था और अब गंभीर हो गया है, या नया प्रकार का सिरदर्द शुरू हो गया है, तो यह डॉक्टर से मिलने का समय हो सकता है.
2. अचानक और तेज दर्द: अगर सिरदर्द अचानक शुरू होता है और बहुत तेज होता है, तो यह एक गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें.
3. लगातार सिरदर्द: अगर सिरदर्द बार-बार होता है और दवाओं से राहत नहीं मिल रही है, तो डॉक्टर से कंसल्ट करना ज़रूरी है.
4. साथ में अन्य लक्षण: अगर सिरदर्द के साथ अन्य लक्षण जैसे उल्टी, धुंधला दिखाई देना, बोलने में कठिनाई, कमजोरी, या संतुलन खोना भी हो, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं
सिरदर्द के कारणों की सही पहचान और उचित इलाज के लिए डॉक्टर से समय पर सलाह लेना जरूरी है. सही समय पर इलाज करने से आप जल्दी ठीक हो सकते हैं और गंभीर समस्याओं से बच सकते हैं. इसलिए, अगर आपके सिरदर्द की स्थिति चिंताजनक है, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/at-what-stage-of-headache-should-a-doctor-be-consulted-know-in-hindi-7114701/




