News Info
Go back
26 July, 2024, 10:48 AM
मीठा खाने के बाद क्यों महसूस होता है अच्छा? डॉक्टर से जानें
आपने गौर किया होगा कि मीठा खाने के बाद हमें अक्सर अच्छा महसूस होता है, लेकिन क्या कभी आपने सोचा है कि ऐसा क्यों होता है तो चलिए डॉक्टर से जानते हैं.
मीठा खाना भला किसे पसंद नहीं होता है. छोटे से लेकर बड़ा तक हर कोई इसका दीवाना होता है. मीठा खाने के बाद एक अजीब सी खुशी मन को मिलती है. कहते हैं मीठा खाने के बाद हार्मोन रिलीज होते हैं. आइए डॉ. रिमी (डे कंसलटेंट क्रिटिकल केयर मारेंगो एशिया हॉस्पिटल्स, गुरुग्राम) से जानते हैं क्या ये सच है.
डॉ. रिमी ने बताया कि हां ये सच है. मीठा खाने से शरीर में कुछ अच्छे हार्मोन रिलीज होते हैं जो हमारे मूड और भावना को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. जब हम मीठा खाते हैं, तो हमारे शरीर में कुछ रासायनिक प्रक्रियाएं शुरू होती हैं. इन प्रक्रियाओं के कारण हमारे दिमाग में अच्छे हार्मोन रिलीज होते हैं, जिससे हम अच्छा और खुश महसूस करते हैं. जैसे कि डोपामिन एक “फील-गुड” हार्मोन है जो हमारे मूड को बेहतर बनाता है.
डोपामिन होता है रिलीज-
जब हम मीठा खाते हैं, तो हमारा मस्तिष्क डोपामिन रिलीज करता है. यह हमें खुशी और संतोष का अहसास दिलाता है. इसलिए मीठा खाने पर हमें अच्छा महसूस होता है. दूसरा है सेरोटोनिन, ये भी एक महत्वपूर्ण न्यूरोट्रांसमीटर है जो हमारे मूड को सुधारने में मदद करता है. कुछ प्रकार के कार्बोहाइड्रेट, जैसे कि मिठाई, सेरोटोनिन के स्तर को बढ़ाने में मदद कर सकते हैं. यह हमें शांत और संतुष्ट महसूस कराता है. हालांकि सेरोटोनिन का उच्च स्तर अवसाद और चिंता को कम करने में मदद कर सकता है.
एंडोर्फिन्स हार्मोन हैं जो दर्द को कम करते हैं और हमें खुशी का अनुभव कराते हैं. जब हम चॉकलेट जैसी चीजें खाते हैं, तो हमारा शरीर एंडोर्फिन्स रिलीज करता है. इससे हमें खुशी और आराम का अहसास होता है. ऑक्सिटोसिन को “लव हार्मोन” भी कहा जाता है, जो हमें प्यार और जुड़ाव का अहसास कराता है. हालांकि सीधे मीठा खाने से ऑक्सिटोसिन रिलीज नहीं होता, लेकिन खुश होने और अच्छा महसूस करने की स्थिति में हमारा शरीर ऑक्सिटोसिन भी रिलीज कर सकता है.
होते हैं ये फायदे-
मीठा खाने के कुछ अन्य फायदे है जैसे की मीठे में ग्लूकोज होता है जो हमारे शरीर को तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है. यह खासकर तब मदद करता है जब हमें अचानक थकान महसूस होती है। मीठा खाने से मूड तुरंत सुधार सकता है क्योंकि यह तुरंत अच्छे हार्मोन रिलीज करता है। यह तनाव और चिंता को कम करने में भी मदद कर सकता है.
हो सकती हैं ये समस्याएं-
हालांकि मीठा खाने से हमें अच्छा महसूस हो सकता है, लेकिन ज्यादा मीठा खाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इससे मोटापा, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. अधिक चीनी का सेवन वजन बढ़ने का कारण बन सकता है, जिससे मोटापा और अन्य संबंधित स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं. चीनी दांतों की सड़न का प्रमुख कारण होती है. इसलिए, मीठा खाने के बाद दांतों की सफाई करना महत्वपूर्ण है.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/why-do-you-feel-good-after-eating-sweets-know-from-doctor-7115993/




