News Info
Go back
25 July, 2024, 09:12 AM
पटना में बढ़ा डेंगू का खतरा, इस महीने 24 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की गाइडलाइन
पटना. बारिश के साथ ही डेंगू भी तेजी से फैल रहा है. पटना में 9 नये संक्रमित मरीज मिल चुके हैं. इन्हें मिलाकर इस मौसम में अब तक डेंगू के 24 मरीज मिल चुके हैं. सभी अलग अलग इलाकों के हैं. इससे पता चलता है कि पूरे जिले में डेंगू मच्छर पनप रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग लोगों से अलर्ट रहने की अपील कर रहा है. साफ पानी कहीं भी जमा न होने दें. इसी में डेंगू के मच्छर पनपते हैं.
राजधानी पटना में इस साल बारिश भले ही कम हुई हो लेकिन डेंगू मच्छरों के तेवर में कोई कमी नहीं आई है. जुलाई में ही जिले में 09 से अधिक संक्रमित मिल चुके हैं. पटना के छह में से पांच अंचलों में इसके मरीज मिल चुके हैं. कंकड़बाग और बांकीपुर सबसे ज्यादा संक्रमित इलाके हैं. इन इलाकों में लगातार मरीज मिल रहे हैं. बुधवार को पटना में छह नए डेंगू मरीज मिले. इनमें से कंकड़बाग में तीन, बांकीपुर के भिखना पहाड़ी और महेंद्रू में एक-एक और पाटलिपुत्र अंचल में एक मरीज मिला. बांकीपुर अंचल के मरीजों को इलाज पीएमसीएच में चल रहा है. अब पटना में कुल डेंगू पीड़ितों की संख्या 24 हो गई है.
आशा कार्यकर्ता खोजेंगी डेंगू का लार्वा
हालात की नजाकत को भांपते हुए स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्र के हाईरिस्क जोन में डेंगू मच्छरों के लार्वा की पहचान के लिए आशा कार्यकर्ताओं को ट्रेंड किया है. ये हॉट स्पॉट वाले मोहल्लों के हर घर में जाएंगे और डेंगू लार्वा पनपने की आशंकित जगहों की जांच करेंगी. शहर के कई इलाके डेंगू के हाई रिस्क जोन में हैं. डेंगू के मच्छर के लार्वा की पहचान के लिए 62 आशा कार्यकर्ताओं को जिला मलेरिया कार्यालय में ट्रेनिंग दी गई. अपर निदेशक सह राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी बैक्टीरिया जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम डॉ. अशोक कुमार ने कहा थोड़ा जमा पानी भी डेंगू का मच्छर पनपने के लिए पर्याप्त है. प्रशिक्षण के बाद आशा कार्यकर्ता जमे हुए पानी में लार्वा की पहचान कर कार्यालय को सूचित करेंगी.
डेंगू मरीजों के लिए अस्पताल में इंतजाम
डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि डेंगू मरीजों के लिए मेडिकल कॉलेज में 50, जिला अस्पताल में 20 और प्रखंड स्तर के अस्पताल में दो बेड रिजर्व रखे गए हैं. राज्य के बाहर से आने वाले यात्रियों की भी रैपिड जांच की जाएगी. डेंगू मरीज के घर के 500 मीटर के दायरे में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाता है. उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष जनवरी से जून तक राज्य में 199 डेंगू मरीज चिह्नित किए गए हैं.
इन इलाकों में डेंगू का खतरा
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद ने कहा डेंगू के लक्षण नजर आते ही मरीज नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान से संपर्क करें. डॉ. प्रसाद ने बताया कंकड़बाग के जलजमाव से प्रभावित इलाके में लगातार डेंगू के मरीज मिल रहे हैं. डेंगू के लिहाज से इस बार कंकड़बाग और बांकीपुर अंचल सबसे ज्यादा संवेदनशील इलाकों में शामिल हैं. पटना नगर निगम के साथ मिलकर प्रभावित इलाके में लगातार एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है. उन्होंने लोगों से अपने आसपास जलजमाव नहीं होने देने और घर में एंटी मॉस्किटो रिप्लेंट लगाने की अपील की है.
Source:
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-dengue-increased-in-patna-24-patients-found-this-month-health-department-issued-guidelines-8521979.html




