News Info
Go back
25 July, 2024, 08:51 AM
इंसान के तनाव को महसूस कर सकते हैं कुत्ते, वैज्ञानिकों ने नए शोध में किया दावा
हाल ही स्टडी से पता चला है कि कुत्ते इंसान को सूंघकर उनकी स्थिति बता सकते हैं.
Dogs Tell About Stress: कुत्तों को अक्सर लोगों का सबसे अच्छा दोस्त कहा जाता है. उनकी वफादारी, इंटेलिजेंस और साथ देने की भावना उन्हें परिवार का एक अभिन्न हिस्सा बना देती है. यह तो हम सभी जानते हैं कि कुत्ते हमारे चेहरे के भाव और स्वर के लहजे को समझ सकते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि वे हमारी गंध से भी हमारे तनाव को सूंघ सकते हैं? हाल ही में हुई एक स्टडी से पता चला है कि कुत्ते न केवल मानवीय तनाव की गंध का पता लगा सकते हैं, बल्कि यह उनकी भावनाओं और निर्णय लेने की क्षमता को भी प्रभावित कर सकती है.
ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं का मानना है कि यह स्टडी उन कुत्तों के लिए जरूरी हो सकती है, जिन्हें प्रशिक्षित किया जा रहा है जैसे कि असिस्टेंट डॉग या खोजी कुत्ते.
स्टडी से क्या पता चला?
स्टडी के दौरान, रिसर्चर्स ने कुत्तों के एक समूह को दो अलग-अलग गंधों से अवगत कराया. पहली गंध उन लोगों के पसीने और सांस से ली गई थी, जो एक तनावपूर्ण काम कर रहे थे और दूसरी गंध शांत लोगों से ली गई थी. इसके बाद कुत्तों को एक कॉग्निटिव बायस टेस्ट दिया गया. इस टेस्ट में कुत्तों को यह चुनना था कि दो कटोरे में से किस कटोरे में भोजन मिलने की संभावना ज्यादा है.
रिसर्च के नतीजे बताते हैं कि तनावग्रस्त लोगों की गंध के संपर्क में आने वाले कुत्तों ने निराशावादी विकल्प चुने, जबकि शांत लोगों की गंध के संपर्क में आने वाले कुत्तों ने भोजन मिलने की ज्यादा संभावना वाले कटोरे को चुना. रिसर्चर्स का मानना है कि तनाव की गंध ने कुत्तों में इस धारणा को मजबूत किया होगा कि नए स्थान पर भोजन मिलने की संभावना कम है.
रिसर्चर्स का कहना है कि कुत्तों के मालिकों को पहले से ही पता होता है कि उनके पालतू जानवर उनकी भावनाओं को कितनी अच्छी तरह समझते हैं, लेकिन इस स्टडी में हमने दिखाया है कि किसी अनजान व्यक्ति के तनाव की गंध भी कुत्ते की भावनात्मक स्थिति, इनाम की धारणा और सीखने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है.
कुत्तों के मालिकों के लिए इसका क्या मतलब है?
यह स्टडी कुत्तों के मालिकों के लिए काफी मददगार साबित हो सकती है. यह जानकारी हमें अपने कुत्तों को बेहतर ढंग से समझने और उनकी देखभाल करने में मदद कर सकती है.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/study-finds-that-dogs-can-smell-humans-stress-7110774/




