News Info
Go back
25 July, 2024, 08:47 AM
क्या दिल के मरीजों को कांवड़ यात्रा पर जाना चाहिए? आइए डॉक्टर से जानते हैं
22 जुलाई से कावड़ यात्रा की शुरुआत हो गई है, ऐसे में दिल के मरीजों को कावड़ यात्रा में हिस्सा लेना चाहिए या नहीं आइए डॉक्टर से जानते हैं.
Kanwar Yatra 2024: 22 जुलाई से उत्तराखंड में कावड़ शुरू हो गई है. कावड़ यात्रा भक्तों में जोश भर देती है. हालांकि अक्सर दिमाग में ये सवाल आता है कि क्या दिल के मरीजों को कांवड़ यात्रा करनी चाहिए. ऐसे में आज इस सवाल का जवाब हम डॉ बिमल छाजेड़ (फॉर्मर कंसलटेंट AIIMS और डायरेक्टर, साओल हार्ट सेंटर, नई दिल्ली) से जानेंगे.
डॉ बिमल छाजेड़ ने बताया कि कांवड़ यात्रा जैसी लंबी और कठिन यात्राएं दिल के मरीजों के लिए जोखिम भरी हो सकती हैं. यहां कुछ कारण बताए गए हैं कि क्यों दिल के मरीजों को कांवड़ यात्रा करते समय सावधानी बरतनी चाहिए और क्या समस्याएं हो सकती हैं:
संभावित समस्याएं:
-शारीरिक थकान: लंबी दूरी की पैदल यात्रा करने से दिल पर अत्यधिक दबाव पड़ता है. यह थकान और कमजोरी पैदा कर सकता है, जिससे दिल की समस्याएं बढ़ सकती हैं.
-डिहाइड्रेशन: गर्मी में लंबे समय तक पैदल चलने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है. डिहाइड्रेशन से रक्त गाढ़ा हो सकता है, जिससे दिल की धड़कनें अनियमित हो सकती हैं और दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ सकता है.
-हृदय गति और रक्तचाप: लगातार चलने और शारीरिक गतिविधि करने से हृदय गति और रक्तचाप बढ़ सकते हैं, जो कि दिल के मरीजों के लिए हानिकारक हो सकता है.
-इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन: अत्यधिक पसीना आने से शरीर में सोडियम और पोटैशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है, जिससे दिल की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं.
-अगर यात्रा के दौरान किसी दिल के मरीज को कोई समस्या होती है, तो तुरंत चिकित्सा सहायता प्राप्त करना कठिन हो सकता है, विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों में तो दिल के मरीज़ यात्रा करने से बचें.
-डॉक्टर की सलाह लें और यात्रा शुरू करने से पहले अपने चिकित्सक से परामर्श करें. वे आपके स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करके उचित सलाह देंगे.
– यात्रा करते समय धीरे-धीरे चलें और नियमित अंतराल पर आराम करें. अपनी शारीरिक सीमाओं को पहचानें और अत्यधिक मेहनत करने से बचें. नियमित रूप से पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी न होने दें.
-यात्रा के दौरान अपनी हृदय गति और रक्तचाप को नियमित रूप से जांचें अगर किसी भी तरह की असामान्यता महसूस हो तो तुरंत आराम करें और चिकित्सा सहायता लें.
-अपनी सभी आवश्यक दवाइयों को साथ रखें और उन्हें नियमित रूप से लें
-अकेले यात्रा न करें. अपने साथ किसी ऐसे व्यक्ति को रखें जो किसी भी आपात स्थिति में आपकी मदद कर सके
दिल के मरीजों के लिए कांवड़ यात्रा में शामिल होना संभव हो सकता है, लेकिन अत्यधिक सावधानी और तैयारी की आवश्यकता होती है. अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए और चिकित्सकीय सलाह का पालन करते हुए ही ऐसी यात्राओं में शामिल होना चाहिए.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/should-heart-patients-go-on-kanwar-yatra-know-from-the-doctor-7112000/




