News Info
Go back
24 July, 2024, 08:19 AM
हर सीजन में शरीर के लिए अमृत है यह फल ! कच्चा और पका दोनों फायदेमंद, बरसात में पत्ते भी चमत्कारी
Benefits of Papaya Fruit: कई फल ऐसे होते हैं, जो सालभर आपको आसानी से मिल जाते हैं. ऐसा ही एक फल पपीता है, जिसका सेवन हर मौसम में लाभकारी माना जाता है. पपीता को नेचुरल क्लींजर माना जाता है और इसे खाने से लोगों को पेट की समस्याओं से राहत मिल सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो पका हुआ पपीता खाना जितना फायदेमंद होता है, उससे भी ज्यादा लाभकारी कच्चा पपीता होता है. अगर आप कच्चा पपीता खाएंगे, तो भी सेहत को जबरदस्त बेनिफिट्स मिल सकते हैं. सिर्फ यह फल ही नहीं, बल्कि इसके पत्ते भी बरसात के मौसम में चमत्कारी हो सकते हैं.
नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि पपीता का सेवन हर मौसम में फायदेमंद होता है. यह स्वादिष्ट फल हमारे पेट को क्लीन करने में रामबाण माना जा सकता है. इसमें कई नेचुरल तत्व होते हैं, जो शरीर को दुरुस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. पपीता शरीर पर जमा फैट कम करता है और लिवर डिटॉक्स कर सकता है. कब्ज के मरीजों के लिए यह फल किसी दवा से कम नहीं है. कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में कच्चा और पका पपीता लाभकारी हो सकता है. पपीता खाने से शरीर को भरपूर फाइबर मिलता है.
डाइटिशियन की मानें तो पपीता का सेवन करने से पीलिया के मरीजों को काफी राहत मिल सकती है. पपीता के कई एंजाइम हमारे शरीर में पहुंचकर बिलीरुबिन को कंट्रोल करते हैं, जिससे पीलिया से निजात मिल सकती है. पपीता खाने से डाइजेशन सिस्टम बूस्ट हो सकता है. पपीता बेहद पौष्टिक होता है, लेकिन कुछ लोगों को यह अवॉइड करना चाहिए. गर्भवती महिलाओं को पपीता नहीं खाना चाहिए. प्रेग्नेंसी के शुरुआती तीन महीने में तो पपीता से बनी चीजों से पूरी तरह दूरी बना लेनी चाहिए. लूज मोशन और सीवियर एसिडिटी वाले लोग भी पपीता अवॉइड कर सकते हैं.
यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सरोज गौतम की मानें तो पपीता के पत्ते डेंगू के मरीजों के लिए लाभकारी हो सकते हैं. पपीता के पत्तों में कई ऐसे रस पाए जाते हैं, जो शरीर में जाकर प्लेटलेट्स बढ़ा सकते हैं. पपीता के पत्तों का अर्क निकालकर सेवन करने से वायरल बुखार से भी राहत मिल सकती है. हालांकि लोगों को पपीता के पत्तों का अर्क पीने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए. यह अर्क सभी लोगों के लिए फायदेमंद नहीं होता है और इससे कुछ लोगों की सेहत को नुकसान हो सकता है. ऐसे में पपीता के पत्तों का इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए.
Source:
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-this-fruit-is-miraculous-for-body-in-every-season-leaf-also-beneficial-in-dengue-papaya-amazing-properties-8517960.html




