News Info

Go back
Budget 2024: बजट में कैंसर की 3 दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह खत्म करने की घोषणा

24 July, 2024, 08:09 AM

Budget 2024: बजट में कैंसर की 3 दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह खत्म करने की घोषणा

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में हेल्थ सेक्टर के खास घोषणा की है. सरकार ने कैंसर पेशेंट के लिए तीन दवाओं पर सीमा शुल्क पूरी तरह खत्म कर दिया है.

मोदी सरकार 3.0 का पहला बजट पेश हो गया है. मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट पेश किया. सरकार ने बजट में कैंसर की तीन दवाओं को सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट देने का प्रस्ताव रखा. इस कदम का कई स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने स्वागत किया है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में 2024-25 के लिए बजट पेश करते हुए कहा कि‘कैंसर के मरीजों को राहत देने के लिए मैं तीन और दवाओं को सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट देने का प्रस्ताव करती हूं. सरकार ने ट्रैस्टुजुमैब डेरक्सटेकन, ओसिमर्टिनिब और डुरवालुमैब पर सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से घटाकर शून्य करने का प्रस्ताव किया है.

उन्होंने चरणबद्ध विनिर्माण कार्यक्रम के तहत मेडिकल एक्स-रे मशीनों में उपयोग के लिए एक्स-रे ट्यूब और फ्लैट पैनल डिटेक्टर पर मूल सीमा शुल्क (बीसीडी) में भी परिवर्तन का प्रस्ताव किया है ताकि घरेलू क्षमता वृद्धि के साथ तालमेल बिठाया जा सके. सीतारमण ने कहा कि सीमा शुल्क के लिए मेरे प्रस्तावों का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को समर्थन, स्थानीय मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देना, निर्यात-प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा कराधान को सरल बनाना है. इसके साथ ही आम जनता और उपभोक्ताओं के हितों को सबसे ऊपर रखा गया है. फिक्की स्वास्थ्य सेवा समिति के चेयरमैन और महाजन इमेजिंग एंड लैब्स के संस्थापक एवं चेयरमैन हर्ष महाजन ने कहा कि कैंसर के इलाज के लिए तीन जीवनरक्षक दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट स्वागतयोग्य कदम है.

फोर्टिस अस्पताल के प्रमुख निदेशक और न्यूरोलॉजी प्रमुख प्रवीण गुप्ता ने कहा कि तीन कैंसर दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट और एक्स-रे ट्यूब और फ्लैट पैनल डिटेक्टर जैसी कुछ चिकित्सा प्रौद्योगिकियों पर शुल्क में कमी स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में घरेलू क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि हालांकि ये उपाय अपेक्षा से बहुत कम हैं, लेकिन इनसे उन्नत कैंसर उपचार अधिक किफायती और सुलभ हो सकेगा.





Source:

https://www.india.com/hindi-news/health/budget-2024-announcement-of-complete-abolition-of-customs-duty-on-3-cancer-medicines-in-the-budget-7107759/
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help