News Info

Go back
वायरल बुखार में एंटीबायोटिक दवा लेनी चाहिए या नहीं? क्या ऐसा करना खतरनाक, डॉक्टर ने बताई चौंकाने वाली बात

23 July, 2024, 07:10 AM

वायरल बुखार में एंटीबायोटिक दवा लेनी चाहिए या नहीं? क्या ऐसा करना खतरनाक, डॉक्टर ने बताई चौंकाने वाली बात

Viral Fever & Antibiotics: वायरल इंफेक्शन की वजह से लोगों को सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार की समस्या पैदा हो जाती है. बरसात के मौसम में वायरल का कहर बढ़ जाता है और इसे ठीक होने में करीब एक सप्ताह लगता है. कई लोग वायरल बुखार को जल्दी ठीक करने के चक्कर में एंटीबायोटिक दवाएं लेना शुरू कर देते हैं. झोलाछाप भी लोगों को बुखार आने पर सीधे एंटीबायोटिक थमा देते हैं. लोग भी बिना सोच-समझे इन दवाओं को लेने लगते हैं. डॉक्टर्स की मानें तो वायरल बुखार में एंटीबायोटिक लेने से सेहत को गंभीर नुकसान हो सकता है. इससे बचने की जरूरत होती है.

नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया कि वायरल इंफेक्शन में लक्षणों के आधार पर इलाज किया जाता है. वायरल फीवर में पैरासिटामोल टेबलेट दी जाती है. इसकी डोज शरीर के वजन के अनुसार देते हैं. इससे ही कुछ दिनों में वायरल फीवर ठीक हो जाता है. हालांकि कई बार वायरल के साथ बैक्टीरियल इंफेक्शन हो जाता है, तब उस कंडीशन में एंटीबायोटिक दवाएं दी जाती हैं. वायरल और बैक्टीरियल इंफेक्शन के कई लक्षण एक जैसे होते हैं, जिसकी वजह से कंफ्यूजन हो सकती है. ऐसे में डॉक्टर से मिलकर कंसल्ट करें.

डॉक्टर सोनिया रावत ने बताया कि वायरल फीवर में एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेनी चाहिए, क्योंकि इसमें ये दवाएं बेअसर साबित होती हैं. अगर लोग बार-बार वायरल में एंटीबायोटिक दवाएं लेंगे, तो इससे शरीर में एंटीबायोटिक रजिस्टेंस पैदा हो सकता है. शरीर में अगर किसी एंटीबायोटिक के प्रति रजिस्टेंस पैदा हो गया, तो फिर वह दवा उस व्यक्ति पर असर नहीं करेगी. इससे फ्यूचर में समस्याएं हो सकती हैं. एंटीबायोटिक दवा देने का एक सही तरीका होता है. माइल्ड बैक्टीरियल इंफेक्शन होने पर 3 दिनों तक एंटीबायोटिक दवाएं दी जाती है. इंफेक्शन ज्यादा हो, तो 7 दिनों के लिए एंटीबायोटिक दी जाती हैं.

हेल्थ एक्सपर्ट ने बताया कि सीवियर बैक्टीरियल इंफेक्शन के मामलों में लोगों को 15 दिन या इससे ज्यादा समय तक एंटीबायोटिक देते हैं. इसके अलावा एंटीबायोटिक दवाएं भी अलग-अलग तरीके की होती हैं और बीमारियों के अनुसार दिया जाता है. कुछ लोगों पर कई एंटीबायोटिक दवाएं असर नहीं करती हैं और उनकी टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर दूसरी एंटीबायोटिक देनी पड़ती हैं. यही वजह है कि लोगों को बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाएं नहीं लेनी चाहिए. गलत दवा लेने से गंभीर साइड इफेक्ट हो सकते हैं और तबीयत ज्यादा बिगड़ सकती है.





Source:

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-should-you-take-antibiotics-in-viral-fever-and-flu-doctor-explains-dangers-of-taking-these-medicines-8514457.html
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help