News Info
Go back
19 July, 2024, 07:20 AM
कैसे पहचानें डेंगू हुआ है या जीका वायरस की चपेट में आ गए हैं आप? डॉक्टर से जानें
मॉनसून का मौसम आते ही कई बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है, इन्हीं में से एक है जीका वायरस और डेंगू, ऐसे में दोनों के लक्षणों के बीच अतर कैसे करें. आइए डॉक्टर से जानते हैं.
जीका वायरस और डेंगू दोनों ही मच्छरों द्वारा फैलने वाले वायरल इन्फेक्शन हैं, जो अक्सर एक जैसे लक्षण दिखा सकते हैं. दोनों बीमारियों के लक्षणों में बुखार, सिरदर्द, और शरीर में दर्द शामिल होते हैं, जिससे कभी-कभी इनका अंतर करना मुश्किल हो सकता है, लेकिन, कुछ प्रमुख अंतर भी हैं जिन्हें समझकर आप इन दोनों बीमारियों की पहचान कर सकते हैं. ऐसे में आइए डॉ. एम के सिंह , एच ओ डी – डिपार्टमेंट – इंटरनल मेडिसिन , मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल गुरुग्राम से जानते हैं कि दोनों में अंतर कैसे पहचानें.
जीका वायरस के लक्षण-
जीका वायरस के लक्षण अक्सर हल्के होते हैं और ये आमतौर पर 2 से 7 दिनों तक बने रहते हैं. इसके लक्षण कुछ इस प्रकार है-
1. हल्का बुखार: जीका वायरस से होने वाला बुखार आमतौर पर ज्यादा तेज नहीं होता. यह बुखार लगभग 99°F से 100°F तक रहता है और इसे आराम करने से ठीक किया जा सकता है. यह बुखार कुछ दिनों में खुद ही ठीक हो जाता है और बहुत ज्यादा परेशानी नहीं देता.
2. जोड़ों में दर्द: जीका वायरस में यह दर्द अक्सर हाथ और पैरों की छोटी जोड़ों में होता है, जैसे कि उंगलियों, कलाई और एंकल में. यह दर्द हल्का से मध्यम हो सकता है और इसमें चलने-फिरने में असुविधा हो सकती है. यह दर्द कुछ दिनों से लेकर कुछ हफ्तों तक बना रह सकता है.
3.खुजली और रैशेज: जीका वायरस से संक्रमित व्यक्ति के शरीर पर छोटे-छोटे लाल दाने निकल सकते हैं, जो बहुत ज्यादा खुजली करते हैं. ये दाने अक्सर चेहरे, गर्दन, हाथ और पैरों पर दिखते हैं और कई दिनों तक बने रह सकते हैं. यह लक्षण शरीर के इम्यून सिस्टम को इफ़ेक्ट करते हैं.
4. कंजक्टिवाइटिस: जीका वायरस के इन्फेक्शन में आंखों में लालिमा होना एक सामान्य लक्षण है, जिसे कंजक्टिवाइटिस कहते हैं. इसमें आंखें लाल, सूजी हुई और खुजलीदार हो सकती हैं. यह आमतौर पर हल्का होता है और कुछ दिनों में ठीक हो जाता है, लेकिन आंखों में जलन और असुविधा पैदा कर सकता है.
5. मांसपेशियों में दर्द: जीका वायरस से संक्रमित होने पर मांसपेशियों में हल्का से मध्यम दर्द हो सकता है, जो आमतौर पर असहनीय नहीं होता. यह दर्द शरीर के किसी भी हिस्से में महसूस हो सकता है, लेकिन यह विशेष रूप से पीठ, पैरों और हाथों में ज़्यादा होता है.
जीका वायरस से संक्रमित व्यक्ति में कई बार कोई लक्षण भी नहीं होते हैं, खासकर गर्भवती महिलाओं में यह गंभीर हो सकता है, क्योंकि इससे नवजात शिशु में माइक्रोसेफली (सिर का छोटा होना) और अन्य बर्थ डिफेक्ट्स हो सकते हैं.
डेंगू के लक्षण-
डेंगू बुखार के लक्षण जीका की तुलना में अधिक गंभीर हो सकते हैं और ये आमतौर पर 4 से 10 दिनों के बीच दिखने लगते हैं.
1.बुखार : डेंगू में बुखार बहुत तेज होता है, जो 104°F तक पहुंच सकता है. इस बुखार के साथ अक्सर ठंड लगना, कंपकंपी और शरीर में अत्यधिक थकावट महसूस हो सकती है. यह बुखार 2-7 दिनों तक रहता है और अचानक बढ़ता है.
2. तीव्र सिरदर्द: सिरदर्द डेंगू का एक प्रमुख लक्षण है. यह दर्द खासतौर पर माथे के एरिया में होता है और बहुत ही ज़्यादा होता है, जिससे मरीज को काफी असुविधा महसूस होती है. कभी-कभी यह दर्द आंखों के पीछे भी महसूस हो सकता है.
3. जोड़ों और मांसपेशियों में गंभीर दर्द: डेंगू में यह दर्द इतना तीव्र होता है कि ऐसा लगता है जैसे हड्डियां टूट रही हों, इसलिए इसे हड्डी तोड़ बुखार कहा जाता है। यह दर्द विशेष रूप से शरीर के बड़े जोड़ों और मांसपेशियों में महसूस होता है, जिससे मरीज बहुत अनकंफर्टेबल (uncomfortable ) हो जाता है.
4. नौसिया और उल्टी : डेंगू से इन्फेक्टेड मरीजों में अक्सर पेट की समस्याएं देखने को मिलती हैं. उन्हें बार-बार उल्टी आने का अहसास होता है और कई बार वे उल्टी भी कर सकते हैं. यह स्थिति मरीज को कमजोरी और डीहाइड्रेटेड हो जाता है , जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो सकती है.
डेंगू में बुखार अधिक गंभीर और ज़्यादा होता है, जबकि जीका में बुखार हल्का होता है और उसकी तीव्रता कम होती है. जीका में आमतौर पर आंखों की स्थिति में लालिमा हो सकती है, जिसे कंजक्टिवाइटिस कहा जाता है. वहीं, डेंगू में आंखों के पीछे गहरा दर्द हो सकता है. डेंगू में जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द बहुत अधिक होता है, जबकि जीका में यह हल्का और कम होता है.
जीका और डेंगू के लक्षणों को पहचानकर और उनका सही समय पर इलाज करना बहुत जरूरी है. अगर आपको या आपके परिवार के किसी सदस्य को इन बीमारियों के लक्षण लगे हों तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेना चाहिए। मच्छरों से बचने के लिए मच्छरदानी का प्रयोग करें, त्वचा पर मच्छर रोकने वाली क्रीम लगाएं और पानी जमने से बचें. इन सभी उपायों से बीमारियों से बचाव में मदद मिल सकती है.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/zika-virus-vs-dengue-which-one-is-more-dangerous-for-health-know-its-symptoms-in-hindi-from-doctor-7097448/




