News Info
Go back
19 July, 2024, 07:10 AM
कौन सी सब्जियां सबसे ज्यादा बादी करती हैं, गैस और एसिडिटी का बनती हैं कारण?
Vegetable That Cause Of Gas: आयुर्वेद में बादी शब्द आपने सुना होगा। बादी का पूरा नाम वाय बादी यानि ऐसी चीजें जिन्हें खाने से शरीर में वायु विकार बढ़ता है। ऐसी कई सब्जियां हैं जो बादी करती हैं और इनसे गैस एसिडिटी की समस्या बढ़ती है।
अक्सर आपने घर के बड़े-बुजुर्गों को रात में बादी वाली चीजें नहीं खाने की सलाह देते हुए देखा होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बादी क्या होती है? बादी एक आयुर्वेदिक शब्द है जिसका संबंध शरीर में गंदगी जमा होने से है। बादी वाली चीजें खाने से शरीर में वात विकार बढ़ता है। जिससे गैस और एसिडिटी की समस्या होने लगती है। ऐसी कई सब्जियां और खाने-पीने की चीजें हैं जो शरीर में बादी करती हैं। इन सब्जियों से परहेज रखने की जरूरत है।
बादी के लक्षण शरीर में भारीपन, सुबह थकान और शरीर बंधा हुआ रहता है, शरीर में टूटन होती है, आलस और सुस्ती बनी रहती है। ऐसी स्थिति में गैस, एसिडिटी और पेट दर्द की समस्या होने लगती है। अगर बादी से बचना है तो कुछ सब्जियों और दालों से परहेज करना चाहिए।
बादी करने वाली सब्जियां
बैंगन- जिन लोगों को बादी की समस्या रहती है उन्हें बैंगन खाने से बचना चाहिए। बैंगन खाने से शरीर में वायु विकार बढ़ता है। इसलिए बैंगन खाने से बचना चाहिए। हालांकि ये अलग-अलग लोगों की शारीरिक प्रवृति पर निर्भर करता है।
गोभी- ब्रोकली, फूलगोभी और पत्ता गोभी तीनों चीजें बादी की समस्या को बढ़ाती हैं। इसलिए सर्दियों में इन सब्जियों को कम से कम सेवन करें। गोभी से गैस, बदहजमी और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती है।
पनीर- अगर आप किसी सब्जी में ज्यादा मात्रा में पनीर का इस्तेमाल करते हैं तो पनीर भी गैस का कारण बन सकता है। पनीर भी बादी वाली सब्जियों में शामिल है। इसलिए जिन लोगों को बादी की समस्या रहती है उन्हें पनीर का सेवन नहीं करना चाहिए।
टमाटर- ज्यादा मात्रा में टमाटर खाने से भी गैस और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। टमाटर खाने से बादी हो सकती है। इससे गैस, बदहजमी की समस्या और बढ़ सकती है।
आलू- ज्यादातर सब्जियों में आलू पड़ता है, लेकिन ज्यादा मात्रा में आलू इस्तेमाल करने से गैस और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। ज्यादा आलू खाने से बादी की शिकायत हो सकती है। इसलिए सीमित मात्रा में ही आलू खाएं।
Source:
https://www.indiatv.in/health/vegetable-that-cause-of-gas-acidity-badi-badhane-wali-sabjiyan-2024-07-18-1060869




