News Info

Go back
कड़ाके की धूप में कैसे लिया जाए विटामिन डी? डॉक्टर से जानें

26 June, 2024, 06:49 AM

कड़ाके की धूप में कैसे लिया जाए विटामिन डी? डॉक्टर से जानें

गर्मी के मौसम में चिलचिलाती धूप के बीच विटामिन डी कैसे लें ये समझना मुश्किल हो जाता है, ऐसे में आज हम डॉक्टर से इसका जवाब जानेंगे.

अन्य विटामिनों की तरह, विटामिन-डी भी हमारे स्वास्थ्य और फिटनेस के लिए महत्वपूर्ण है. यह हमारे रक्त में कैल्शियम के स्तर को संतुलित करने में जरूरी भूमिका निभाता है और हड्डियों की मजबूती के लिए आवश्यक माना जाता है. सीधे शब्दों में कहें तो, विटामिन-डी शरीर में हड्डियों का निर्माण करता है, इसकी कमी से कई शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं, जैसे हड्डियों का कमजोर होना, लगातार थकान महसूस होना और मांसपेशियों में जकड़न. शायद आपको पता हो कि विटामिन-डी एकमात्र ऐसा विटामिन है, जिसे सूर्य की रोशनी से प्राप्त किया जा सकता है, लेकिन चिलचिलाती धूप में अक्सर दिमाग में ये सवाल आता है कि आखिर इस धूप में विटामिन डी कैसे ली जाए तो आइए इसका जवाब डॉ. अखिलेश यादव , एसोसिएट डायरेक्टर – आर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट , मैक्स हॉस्पिटल वैशाली से जानते हैं.

चिलचिलाती धूप से ऐसे ले सकते हैं विटामिन डी –

1. सुबह की धूप: सूरज की किरणें विटामिन-डी का सबसे अच्छा सोर्स (source ) मानी जाती हैं. सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच 15-30 मिनट की धूप लेना सबसे अच्छा होता है. इस समय की धूप हल्की होती है और त्वचा को नुकसान पहुंचाने की संभावना कम होती है. इस तरह से आपको बिना किसी जोखिम के जरूरी विटामिन-डी मिल जाता है.

2. सनस्क्रीन का उपयोग: यदि आपको लंबे समय तक धूप में रहना हो तो सनस्क्रीन का उपयोग करें. यह आपकी त्वचा को सूर्य की हानिकारक यूवी किरणों से बचाता है. हालांकि, विटामिन-डी उत्पादन के लिए 10-15 मिनट बिना सनस्क्रीन के धूप में रहना लाभकारी होता है.

3. छाया का उपयोग: जब धूप बहुत तेज हो, तब छाया में रहें या टोपी और छाता का इस्तेमाल करें. इससे आप त्वचा को नुकसान से बचा सकते हैं.

4. संतुलित आहार: विटामिन-डी का सेवन करने के लिए मछली (साल्मन, ट्यूना), एग योल्क और विटामिन-डी फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ जैसे दूध, संतरे का जूस और अनाज का सेवन करें.

5. बाहर एक्सरसाइज और खेलने जाएं : आमतौर पर गर्मियों में लोग बाहर की गतिविधियों से बचते हैं, लेकिन आपको ऐसा नहीं करना चाहिए. पूरे दिन में कुछ समय निकालें, जब आप घर से बाहर निकलकर एक्सरसाइज कर सकें. हालांकि ध्यान रखें कि इस समय ज्यादा तेज धूप न हो. आप सुबह के समय जब धूप हल्की होती है, तब वर्कआउट कर सकते हैं. केवल 15 मिनट का आउटडोर वर्कआउट भी आपको पर्याप्त मात्रा में विटामिन-डी दे सकता है.

तेज धूप बन सकती है हमारे लिए खतरा-

1. हीट स्ट्रोक: बहुत अधिक गर्मी और धूप में रहने से शरीर का तापमान बहुत बढ़ सकता है, जिससे हीट स्ट्रोक हो सकता है, जो एक गंभीर स्थिति है और इसमें चिकित्सा सहायता की आवश्यकता होती है.

2. आंखों को नुकसान: सीधे सूर्य की रोशनी में अधिक समय बिताने से आंखों को नुकसान पहुंच सकता है, जिससे मोतियाबिंद जैसी समस्याएं हो सकती हैं.

3. डिहाइड्रेशन: लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है. यह थकान, चक्कर आना और कमजोरी का कारण बन सकता है.

4. समय से पहले बुढ़ापा: धूप में अधिक समय बिताने से त्वचा समय से पहले बूढ़ी हो सकती है, जिससे झुर्रियां, धब्बे और त्वचा से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं.

5. त्वचा के कैंसर का खतरा: बहुत ज्यादा समय तक सूर्य की यूवी किरणों के संपर्क में रहने से त्वचा कैंसर का खतरा बढ़ जाता है, खासकर मेलेनोमा नामक कैंसर का, जो त्वचा कैंसर का सबसे खतरनाक प्रकार है.













Source:

https://www.india.com/hindi-news/health/how-to-take-vitamin-d-know-from-doctor-how-to-get-vitamin-d-safely-from-the-sun-in-summer-7038721/
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help