News Info
Go back
26 March, 2024, 07:18 AM
क्या होता है नमक का सब्स्टीट्यूट? इससे हाइपरटेंशन कंट्रोल होता है! स्टडी में कही गई ये बात
आपको पता है कि नमक के सब्स्टीट्यूट क्या होते हैं और इनके जरिए हाइपरटेंशन की समस्या को कम किया जा सकता है.
क्या नमक के सब्स्टीट्यूट हाइपरटेंशन को कंट्रोल करने में मदद कर सकते हैं? इसे लेकर हाल ही में एक स्टडी हुई है. इस स्टडी में दावा किया गया है कि टेबल नमक को नमक के सब्स्टीट्यूट से बदलने से हाई ब्लड प्रेशर की घटनाओं में 40 फीसदी तक कमी आई है. यह स्टडी चाइनीज साइंटिस्टों ने की है और बताती है कि नमक के सब्स्टीट्यूट यानी विकल्प में 25 फीसदी पोटेशियम क्लोराइड होता है जो रक्तचाप नहीं बढ़ाता है. इसके अलावा नमक के सब्स्टीट्यूट में 12 फीसदी सूखे खाद्य फलेवर जैसे मशरूम, नींबू, समुद्री शैवाल, नागफनी और जंगली बेर के साथ ही अमीनो एसिड के अंश भी होते हैं.
क्या होता है नमक का सब्स्टीट्यूट जान लीजिए?
हालांकि एक्सपर्ट का यह भी कहना है कि नमक के सब्स्टीट्यूट भले ही आहार सोडियम को कम कर सकते हैं. लेकिन उन्हें संयमित और सीमित मात्रा में उपयोग की आवश्यकता है. नमक के सब्स्टीट्यूट मसाला उत्पाद हैं जिनका उपयोग नियमित नमक को बदलने के लिए किया जाता है. नमक का सबसे आम फलेवर सब्स्टीट्यूट पोटेशियम क्लोराइड है. कुछ ब्रांड इसके बजाय पोटेशियम बाइकार्बोनेट, पोटेशियम साइट्रेट या पोटेशियम लैक्टेट का उपयोग करते हैं. सोडियम रक्त की मात्रा और ब्लड प्रेशर को बढ़ाता है जबकि पोटेशियम रक्तचाप को कम करने और नियंत्रित करने में मदद करता है. इसलिए यह सोडियम के हाई ब्लड प्रेशर इफेक्ट को निष्क्रिय करता है.
नमक के सब्स्टीट्यूट के तौर पर जड़ी-बूटियों, मसालों, लहसुन और खट्टे फलों जैसी सामग्रियों का उपयोग करके कुछ नए प्रकार के नमक के विकल्प विकसित किए जा रहे हैं. शोधों में यह बात सामने आई है कि सोडियम का सेवन कम करने के साथ-साथ पोटेशियम का सेवन बढ़ाने से उच्च रक्तचाप को प्रभावी ढंग से कम किया जा सकता है. हालांकि किडनी की बीमारी से पीड़ित या फिर किसी जानलेवा रोग की दवाएं ले रहे मरीजों के लिए पोटेशियम की ज्यादा मात्रा हानिकारक हो सकती है. हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर एक खतरनाक बीमारी है. इसमें धमनियों में रक्त का दबाव काफी बढ़ जाता है और रक्त की धमनियों में रक्त का प्रवाह बनाए रखने के लिए हृदय को सामान्य से अधिक काम करने की जरूरत पड़ती है. हार्ट अटैक की बड़ी वजह हाइपरटेंशन ही होती है.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/can-salt-substitutes-reduce-your-high-blood-pressure-by-40-per-cent-6812358/




