News Info
Go back
26 March, 2024, 07:00 AM
होली पर बना रहे हैं भांग पीने का प्लान, तो जान लें इससे होने वाले नुकसान
होली का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के मनाया जाता है। इस मौके पर सभी यह चाहते हैं कि वे अपने दोस्तों के साथ मिलकर खूब मस्ती करें। होली पर भांग भी खूब पी जाती है। इसे पीने से होने वाले मादक अनुभव की वजह से लोग होली के मौके पर इसे पीना पसंद करते हैं लेकिन भांग पीने के कुछ नुकसान भी हो सकते हैं। जानें भांग के साइड इफेक्ट्स।
होली का त्योहार इस साल 25 मार्च को मनाया जाएगा।
इस मौके पर कई लोग भांग पीते हैं, लेकिन इसके कुछ नुकसान झेलने पड़ सकते हैं।
भांग की वजह से धड़कनें तेज होना, बीपी कम होना, मुंह सूखने जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं।
होली का त्योहार रंगों का त्योहार होता है। यह हर साल फाल्गुन मास की पूर्णीमा को मनाया जाता है। इस साल यह उत्सव 25 मार्च को मनाया जाएगा। इस रंगोत्सव में लोग अपने परिवारजनों और मित्रों को रंग लगाते हैं, स्वादिष्ट पकवान खाते हैं और खूब नाच-गान होता है। होली के त्योहार पर भांग का भी खूब प्रचलन है। कई लोग इसे ठंडाई में मिलाकर, इसकी गुजिया बनाकर या इसके पकौड़े बनाकर खाते हैं। हालांकि, भांग खाए बिना कई लोगों की होली पूरी नहीं होती है, लेकिन इसके कुछ साइड इफेक्ट्स भी होते हैं, जिनके बारे में जानकारी होना बेहद आवश्यक है। इसलिए अगर आप भी इस साल होली पर भांग पीने का प्लान बना रहे हैं, तो जान लीजिए इसके साइड इफेक्ट्स।
मुंह सूखना
भांग पीने के बाद हमारे नर्वस सिस्टम में कई केमिकल बदलाव होते हैं। इसकी वजह से हमारे दिमाग और नर्वस सिस्टम के काम करने के तरीके में कुछ समय के लिए बदलाव होता है। इसका असर हमारे सलाइवरी ग्लैंड पर भी पड़ता है, जिस कारण मुंह में लार काफी कम मात्रा में बनने लगती है। इस कारण मुंह सूखने लगता है। लार न बनने की वजह से छाले और सांस की दुर्गंध जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
दिल की धड़कने तेज होना
भांग की वजह से दिल से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसे पीने की वजह से दिल की धड़कने तेज हो सकती हैं। इस कंडिशन को ट्रेकीकार्डिया कहते हैं। इसके अलावा, कई बार बीपी डाउन होने की समस्या भी हो सकती है। इस कारण व्यक्ति के साथ चक्कर आने या बेहोश होने की समस्या भी हो सकती है।
एंग्जायटी
भांग की वजह से दिमाग के न्यूरोट्रांसमीटर्स में काफी बदलाव हो जाते हैं। इस कारण मानसिक स्थिति में बदलाव हो सकते हैं, जिस कारण एंग्जायटी, डर, कंफ्यूजन, साइकोसिस, इनसोम्निया या चिड़चिड़ेपन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ये समस्याएं कुछ समय तक रह सकती हैं।
आंखें लाल होना
भांग पीने की वजह से ब्लड प्रेशर कम होता है और ब्लड वेसल्स डाइलेट हो जाते हैं। इस कारण आंखों में ब्लड फ्लो बढ़ जाता है और आंखे लाल हो जाती हैं।
कमजोर याददाश्त
भांग कॉग्नीटिव फंक्शन को काफी प्रभावित करता है। इसलिए भांग पीने की वजह से कई बार कमजोर याददाश्त या फोकस कमजोर होने की समस्या हो सकती है। इस वजह से व्यक्ति को भांग के नशे की स्थिति में होने वाली बातें याद नहीं रहती या उस समय बात समझने में काफी तकलीफ होती है। यह परेशानी भी कुछ समय तक रह सकती हैं।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-holi-2024-bhang-can-cause-many-psychological-affects-know-its-side-effects-23682175.html




