News Info
Go back
9 March, 2024, 07:42 AM
पीरियड्स में कितनी ब्लीडिंग होना नॉर्मल... दिन में कितनी बार बदलें पैड? डॉक्टर से जानें सबकुछ
महिलाओं से जुड़े कुछ ऐसे मुद्दे होते हैं, जिनपर अक्सर बात करने से लोग हिचकिचाते हैं. आज महिला दिवस के मौके पर हम डॉक्टर से कुछ ऐसे ही सवालों के बारे में जानेंगे.
हर साल 8 मार्च यानी कल महिला अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया जाता है. ये दिन महिलाओं को सम्मान और उन्हें समाज में किए गए योगदान को महसूस कराने के लिए मनाया जाता है. इसे भारत में ही नहीं पूरी दुनिया में मनाया जाता है. आज अपने लेख में हम डॉ. लुबना खान, सलाहकार स्त्री रोग विशेषज्ञ, उजाला सिग्नस ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स से महिलाओं से जुड़े उन मुद्दों पर बात करेंगे, जिनपर अक्सर खुलकर बात नहीं की जाती है.
1. पीरियड्स क्या हैं?
पीरियड्स या मासिक धर्म को महिलाओं के शरीर में होने वाले नियमित रक्तस्राव को कहा जाता है. यह महिलाओं के शरीर में गर्भाशय से निकलने वाले उतकों और शरीर के अन्य क्षेत्रों में हारमोनल परिवर्तनों के परिणामस्वरूप होता है. इस दौरान आपके यूटेरस के अंदर से रक्त और ऊतक, वजाइना द्वारा बाहर निकल जाते हैं. जब कोई लड़की मेच्योर होने लगती है, तो उसका शरीर गर्भावस्था के लिए तैयार होने लगता है. जब कोई लड़की प्यूबर्टी यानी यौवन में प्रवेश करती है, तो उसके शरीर में कई प्रकार के हार्मोनल परिवर्तन होते हैं, जिससे पीरियड्स शुरू हो जाते हैं.
2. पीरियड्स में दिन में कितनी बार पैड बदलें?
पीरियड्स के दौरान, महिलाओं को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है. कुछ लोगों को भारी ब्लीडिंग तो किसी को कम ब्लीडिंग होती है. ऐसे में पीरियड के दौरान भले ही ब्लीडिंग हो या न के बराबर हो, बैक्टीरिया जमा होने लगतै हैं. आपको प्रतिदिन अपने पैड को हर 3 से 4 घंटे में बदलना चाहिए. इसका उद्देश्य है स्वच्छता को बनाए रखना और संक्रमण के जोखिम को कम करना.
3. पीरियड्स में एक्सरसाइज कर सकते हैं?
पीरियड्स के दौरान एक्सरसाइज करना संभव है, लेकिन महिलाओं को अपने शारीर के साथ संवेदनशील रहना चाहिए. अधिक शारीरिक गतिविधि का अधिक दबाव पड़ सकता है, जो खून के प्रवाह को अधिक बढ़ा सकता है और अनियमितता का कारण बन सकता है.
4.पीरियड्स में संबंध बना सकते हैं?
पीरियड्स के दौरान संबंध बनाना संभव है, लेकिन कुछ महिलाओं को इस समय में शारीरिक और भावनात्मक परिवर्तन के कारण इससे कठिनाई हो सकती है. यह महत्वपूर्ण है कि संबंध बनाने के फैसले ध्यान से लिए जाएं और स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए.
5. 1 दिन के पीरियड का क्या मतलब है?
1 दिन के पीरियड का कोई विशेष मतलब नहीं होता है. कुछ महिलाओं के पीरियड्स की अवधि 1 दिन से कम हो सकती है, जो आमतौर पर स्वाभाविक होता है, लेकिन अगर यह नियमित रूप से होता है, तो चिंता करने की कोई हो सकती है. ऐसे में डॉक्टर को दिखाएं.
6. पीरियड्स में कितनी ब्लीडिंग होना सामान्य?
पीरियड्स के दौरान महिलाओं को सामान्य रूप से हर महीने 20 से 80 मिलीलीटर का रक्तस्राव होता है. यह मात्रा हर व्यक्ति में अलग हो सकती है, लेकिन अगर आपका रक्तस्राव अधिक है और आपके दर्द की स्थिति को प्रभावित करता है, तो आपको डॉक्टर से परामर्श लेना चाहिए. अगर हर 1 से 2 घंटे में पैड बदलना पड़े, तो समझ जाएं कि ब्लीडिंग नॉर्मल नहीं है.
पीरियड्स के दौरान महिलाओं को अपने शरीर का ध्यान रखना चाहिए और अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए. स्वस्थ आहार, पर्याप्त आराम, और संतुलित व्यायाम पीरियड्स के दौरान महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण हैं. यदि किसी भी समस्या का सामना होता है, तो डॉक्टर से मिलें.
Source:
https://www.india.com/hindi-news/health/how-much-bleeding-is-normal-during-periods-how-many-times-a-day-do-you-change-pads-know-everything-from-the-doctor-6771108/




