News Info
Go back
8 March, 2024, 10:13 AM
क्या आप भी अक्सर कर देती हैं सेहत को नजरअंदाज, तो एक्सपर्ट के बताएं तरीकों से रहें हेल्दी
ऑफिस का प्रेशर और घर का कामकाज अक्सर महिलाओं को उनकी सेहत नजरअंदाज करने के लिए मजबूर कर देता है। ऐसे में सेहत को लेकर की गई लापरवाही महिलाओं के लिए हानिकारक हो सकते हैं। महिला दिवस (Women’s Day) महिलाओं को अपने बारे में सोचने का एक मौका देते हैं। सेहत इन्हीं जरूरी मुद्दों में से एक है। ऐसे में एक्सपर्ट बता रहे हैं हेल्दी करने के लिए जरूरी टिप्स-
महिलाएं अक्सर कई वजहों से अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं।
ऐसे में हेल्दी रहने के लिए कुछ आदतों को फॉलो करना जरूरी है।
महिला दिवस पर आज जानेंगे सेहतमंद रहने के लिए एक्सपर्ट के बताए कुछ टिप्स
महिला दिवस कई मायनों में एक महिला के लिए महत्वपूर्ण है। हर साल महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें समाज में बराबरी देने के मकसद से 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। इस दिन महिलाओं से जुड़े कई मुद्दों को उजागर किया जाता है। सेहत इन्हीं जरूरी मुद्दों में से एक है। महिलाएं अक्सर घर और ऑफिस के कार्यों के बीच अपनी सेहत को नजरअंदाज कर देती हैं, जिसकी वजह से उन्हें कई स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि दूसरों के साथ-साथ खुद का भी ख्याल रखा जाए। हेल्दी लाइफ जीने के लिए आपको बस अपनी लाइफ में कुछ बदलाव करने होंगे। महिलाओं के स्वस्थ जीवन के लिए कुछ हेल्दी आदतों के बारे में जानने के लिए हमने गुरुग्राम के सीके बिड़ला हॉस्पिटल में प्रसूति एवं स्त्री रोग की निदेशक डॉ अरुणा कालरा से बातचीत की-
रेगुलर एक्सरसाइज
हेल्दी रहने के लेकर फिजिकल एक्टिविटी बेहद जरूरी है। ऐसे में आप रोजाना कम से कम 30 मिनट मीडियम या हेवी एक्सरसाइज रूटीन में शामिल करने का प्रयास करें। आप इसके लिए योगा, जॉगिंग, स्विमिंग और वॉकिंग जैसी एक्सरसाइज कर सकते हैं।
हाइड्रेशन
सेहतमंद रहने के लिए शरीर में पानी का होना भी बेहद जरूरी है। ऐसे में हाइड्रेटेड रहने के लिए, दिन भर में खूब पानी पिएं। इसके अलावा ज्यादा मात्रा में शराब और चीनी वाले ड्रिंक्स पीने से भी बचें।
पर्याप्त नींद
हमारी नींद का हमारी सेहत पर सीधा असर पड़ता है। अधूरी और अपर्याप्त नींद कई स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। इसलिए हर रात सात से नौ घंटे की अच्छी नींद लेने की कोशिश करें। रेगुलर स्लीप पैटर्न की मदद से आपकी नींद की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।
स्ट्रेस मैनेजमेंट
स्ट्रेस मानसिक ही नहीं शारीरिक सेहत को भी प्रभावित करता है। ऐसे में हेल्दी रहने के लिए जरूरी है कि आप अपने स्ट्रेस को मैनेज करें। तनाव कम करने के लिए आप उन एक्टिविटीज की मदद ले सकते हैं, जिन्हें करने में आपको आनंद आए। इसके अलावा आप मेडिटेशन, डीप ब्रीथिंग और स्ट्रेस मैनेजमेंट के अन्य तरीके अपना सकते हैं।
सामाजिक संबंध बनाए रखें
प्रियजनों, पड़ोसियों और अन्य समुदाय के सदस्यों के साथ संबंध विकसित करें। सामाजिक संबंध आपके मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं।
सुरक्षित शारीरिक संबंध बनाएं
अगर आप यौन रूप से सक्रिय हैं, तो नियमित आधार पर एसटीआई के लिए परीक्षण करवाएं। साथ ही एसटीआई से बचने के लिए सुरक्षित शारीरिक संबंध बनाएं।
नियमित जांच करवाएं
अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी के लिए नियमित जांच जरूर करवाएं। साथ ही अपने लिए जरूरी सभी वैक्सीनेशन को पूरा जरूर करवाएं, जिससे आप संभावित बीमारियों से खुद को बचा सकें।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-womens-day-2024-some-tips-from-expert-to-make-yourself-healthy-23669575.html




