News Info

Go back
ALS से पीड़ित थे एक्टर केनेथ मिचेल, एक्सपर्ट से जानें क्या है यह जानलेवा बीमारी

27 February, 2024, 06:11 AM

ALS से पीड़ित थे एक्टर केनेथ मिचेल, एक्सपर्ट से जानें क्या है यह जानलेवा बीमारी

कैप्टन मार्वल फिल्म के एक्टर केनेथ मिचेल की ALS की वजह से 24 फरवरी को मौत हो गई। यह एक बीमारी है जिसका कोई इलाज नहीं है और यह वक्त के साथ-साथ धीरे-धीरे और गंभीर होती जाती है। इस बीमारी की वजह से व्यक्ति का रेस्पिरेटरी सिस्टम भी काम करना बंद कर सकता है। एक्सपर्ट से जानें क्या है यह बीमारी और इसके लक्षण।
एक्टर केनेथ मिचेल की ALS की वजह से 24 फरवरी को मृत्यु हो गई।
इस कारण से व्यक्ति की मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं और काम करने में तकलीफ होने लगती है।
मांसपेशियां कमजोर होने की वजह से रेस्पिरेटरी फेलियर का खतरा काफी अधिक रहता है।
कैप्टन मार्वल फिल्म के एक्टर Kenneth Mitchell का 24 फरवरी को निधन हो गया। इस बारे में उनके परिवार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी। केनेथ 49 साल के थे और काफी समय से अमायोट्रॉपिक लेट्रल सक्लेरोसिस (ALS) से पीड़ित थे। उनकी मौत की वजह भी ALS से जुड़े कॉम्पलिकेशन्स को बताया गया है।
क्या होता है अमायोट्रॉपिक लेट्रल सक्लेरोसिस, इसके लक्षण और इस बीमारी की वजह से किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, इस बारे में जानकारी हासिल करने के लिए हमने आर्टिमिस अस्पताल, गुरुग्राम के न्यूरोइंटरवेंशनल सर्जरी के प्रमुख और स्ट्रोक यूनिट के सह-प्रमुख डॉ. विपुल गुप्ता से बात की। आइए जानते हैं, इस बारे में उन्होंने क्या बताया।
क्या होता है ALS?
अमायोट्रॉफिक लेट्रल सक्लेरोसिस (ALS) के बारे में बताते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा यह एक मोटर न्यूरॉन डिजीज होती है, जो वक्त के साथ-साथ धीरे-धीरे बढ़ती जाती है यानी वक्त के साथ, इस बीमारी के लक्षण और ज्यादा गंभीर होते जाते हैं। इस बीमारी में दिमाग और स्पाइनल कॉर्ड के सेल्स प्रभावित होते हैं। यह बीमारी मोटर न्योरॉन्स पर असर डालती है, जिस कारण से मुख्यतौर पर वॉलंटरी मसल्स काम करना बंद करने लगते हैं।
वॉलंटरी मसल्स उन मांसपेशियों को कहा जाता है, जिन्हें आप अपनी मर्जी से मूव करते हैं। मोटर नर्वस प्रभावित होने की वजह से, धीरे-धीरे मांसपेशियां कमजोर होती जाती हैं और धीरे-धीरे काम करना बंद कर देती हैं, जिससे चलने-फिरने, खाने और यहां तक की सांस लेने में भी परेशानी हो जाती है।

इस बीमारी के कारण पैरालिसिस और रेस्पिरेटरी फेलियर का खतरा सबसे अधिक होता है और ALS से होने वाली ज्यादातर मौतें इस वजह से ही होती हैं। मांसपेशियों के कमजोर होने की वजह से फेफड़े ठीक से काम नहीं कर पाते हैं और सेल्स को ऑक्सीजन मिलना बंद होने लगता है, जिस कारण से मौत हो जाती है।

मांसपेशियां कमजोर होने की वजह से व्यक्ति को खाने, बोलने, चलने या किसी भी प्रकार की मूवमेंट करने की क्षमता कम होती जाती है। इस वजह से ही व्यक्ति पैरालाइज्ड भी हो सकता है क्योंकि वह अपनी मांसपेशियों को हिलाने में असमर्थ हो जाता है।

क्या हैं इसके लक्षण?
इस बीमारी के लक्षणों के बारे में बताते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि ALS के सबसे शुरुआती लक्षणों में मांसपेशियों में कमजोरी महसूस होना है। जिसका प्रभाव सबसे पहले हाथों और पैरों में नजर आने शुरू होते हैं। इस वजह से व्यक्ति को चीजें पकड़ने, चलने या सीढ़ियां चढ़ने-उतरने में काफी तकलीफ होने लगती है। इसका इलाज न होने या देर से इलाज होने पर यहां तक नौबत आ सकती है कि व्यक्ति इन कामों को करने में बिल्कुल असमर्थ हो जाए।
मसल क्रैम्प या ऐंठन- इस बीमारी में मांसपेशियों में ऐंठन और क्रैम्प होने लगते हैं। इस वजह से मांसपेशियों में काफी दर्द होता है और उन्हें मूव करने में तकलीफ होने लगती है।

मोटर फंक्शन्स का ठीक से काम न करना- ALS की वजह से मांसपेशियां इतनी कमजोर हो जाती हैं कि लिखने, शर्ट के बटन लगाने जैसे छोटे-मोटे कामों को करने में काफी तकलीफ होती है।

डिस्फेजिया- इसका एक लक्षण डिस्फेजिया यानी बोलने या खाना निगलने में तकलीफ होने लगती है। बोलने और खाने के लिए जिन मांसपेशियों का इस्तेमाल किया जाता है, उनके कमजोर होने की वजह से यह समस्या हो सकती है।

मांसपेशियों में अकड़न- इस कंडिशन की वजह से मूव करने में तकलीफ होने लगती है, क्योंकि हाथ-पैरों को मोड़ना काफी मुश्किल और तकलीफदेह हो जाता है।

सांस लेने में तकलीफ- जैसे-जैसे यह बीमारी गंभीर होने लगती है, वैसे-वैसे रेस्पिरेटरी मसल्स भी कमजोर होने लगते हैं। इस कारण से सांस लेने में तकलीफ होने लगती है, वह भी खासकर रात के समय।

क्या है इसके कारण?
ALS किस वजह से होता है, इसकी कोई ठोस कारण अभी तक नहीं पता चल पाया है। हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि इसके पीछे जेनेटिक और वातावरण से जुड़े फैक्टर्स शामिल हो सकते हैं, लेकिन वातावरण कैसे इस बीमारी की वजह बन सकता है, इस बारे में और रिसर्च की जरूरत है। साथ ही, क्या केमिकल्स और वायरल इन्फेक्शन ALS की वजह बन सकते हैं, इस बारे में शोध करने की जरूरत है।








Source:

https://www.jagran.com/lifestyle/health-keneth-mitchell-suffering-from-als-dies-at-49-know-from-expert-what-is-this-life-threatening-disease-23661807.html
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help