News Info
Go back
27 February, 2024, 05:50 AM
सिर्फ दूध से नहीं चलेगा काम, कमजोर हड्डियों में जान फूंकने के लिए डाइट में शामिल करिए ये 4 चीजें!
आजकल कम उम्र में ही जोड़ों में दर्द और छोटी-मोटी चोट लगने पर हड्डियों के टूटने जैसे हालात देखने को मिलते हैं। बोन हेल्थ का ख्याल रखने के नाम पर अक्सर लोग थोड़ा-बहुत दूध पीकर काम चलाने की सोचते हैं। बता दें कि सिर्फ इससे काम बनने वाला नहीं है। आइए जान लीजिए कुछ चीजें जिन्हें डाइट में शामिल करके आप कैल्शियम की कमी पूरी कर सकते हैं।
बोन हेल्थ पर ध्यान न देने से खराब पोस्चर की समस्या पैदा हो सकती है।
कमजोर हड्डियों से चलने फिरने में दिक्कत झेलनी पड़ती है, जो आगे चलकर बड़ी बीमारी का रूप भी ले सकती है।
हड्डियों को मजबूत बनाने के लिए कैल्शियम और प्रोटीन से भरपूर फूड्स का सेवन बेहद जरूरी है।
आजकल के अनहेल्दी खानपान का सबसे बुरा असर आपकी हड्डियों पर पड़ता है। इसका एक बड़ा कारण कैल्शियम की कमी होती है, जिसमें पूरे शरीर का ढांचा बिगड़ने लगता है। इसलिए बोन हेल्थ का ख्याल रखना काफी जरूरी हो जाता है। अगर आप भी अपनी हड्डियों की मजबूती चाहते हैं, तो बता दें कि दूध के अलावा भी कई चीजें हैं, जो आपके शरीर में कैल्शियम की कमी को पूरा करना का काम करती हैं। आइए जान लीजिए इनके बारे में।
शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखना चाहते हैं, तो सोयाबीन को डाइट में शामिल करने से पीछे मत हटिए। बता दें, 100 ग्राम सोयाबीन में 277 मिलीग्राम कैल्शियम पाया जाता है, जो आपको मजबूत हड्डियां देने के लिए काफी फायदेमंद साबित होता है। रोजाना इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाकर आप बोन डेंसिटी को दुरुस्त कर सकते हैं।
पिस्ता, अखरोट और बादाम के अलावा कई तरह के सूखे मेवे भी कैल्शियम, फास्फोरस और मैग्नीशियम का अच्छा सोर्स होते हैं। ये सभी पोषक तत्व आपकी हड्डियों के लिए बेहद जरूरी होते है। ऐसे में बेहतर है कि सिर्फ दूध पर निर्भर न रहकर आप इन्हें भी आहार में शामिल कर लें।
100 ग्राम पनीर में कैल्शियम के कंटेंट को देखें, तो ये 480 मीलीग्राम के करीब पाया जाता है। ऐसे में आपके शरीर में भी कैल्शियम की कमी है, तो पनीर खाना बिल्कुल न भूलें। जिन लोगों को दूध पीना पसंद नहीं होता है, उनके लिए भी पनीर एक बढ़िया ऑप्शन है। इसकी मदद से आप तरह-तरह की टेस्टी डिशेज तैयार कर सकते हैं।
पालक, बथुआ और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों में भरपूर मात्रा में कैल्शियम पाया जाता है। इनके नियमित सेवन से हड्डियों को अपनी जरूरत का 25 प्रतिशत तक कैल्शियम मिल सकता है। ऐसे में हड्डियों की मजबूती के लिए आप इन्हें डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-foods-for-healthy-bones-in-hindi-high-calcium-foods-for-bone-health-23662196.html




