News Info
Go back
24 February, 2024, 07:00 AM
अमेरिका में कहर बरपा रहा Norovirus, जानें इस बीमारी से जुड़ा वह सबकुछ जो जानना जरूरी है
अमेरिका में एक के एक बीमारियां कहर बरपा रही है। अलास्कापॉक्स और बुबोनिक प्लेग के बाद अब यहां एक और बीमारी चिंता का विषय बनी हुई है। दरअसल यहां पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में Norovirus तेजी से फैल रहा है। यह एक गंभीर बीमारी है जो किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है और तेजी से फैलती है। आइए जानते हैं इसके बारे में सबकुछ-
अमेरिका में अब एक और बीमारी कहर बरपा रही है।
यहां के पूर्वोत्तर क्षेत्र में लगातार इसके मामले फैल रहे हैं।
यह बीमारी किसी को भी अपना शिकार बना सकती है और तेजी से फैलती है।
अमेरिका में बीते कई दिनों लगातार अलग-अलग बीमारियों का कहर जारी है। अलास्कापॉक्स और बुबोनिक प्लेग के बाद अब यहां एक और बीमारी ने स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ा दी है। सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रीवेंशन (CDC) की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पेट के वायरस, जिसे आमतौर पर 'नोरोवायरस' (Norovirus) कहा जाता है, वर्तमान में अमेरिका के पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में फैल रहा है।
सीडीसी का कहना है कि नोरोवायरस को व्यक्तियों में उल्टी, दस्त और खाद्य जनित यानी फूडबॉर्न डिजीज के प्राथमिक कारण के रूप में पहचाना गया है। यह बीमारी किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति को प्रभावित कर सकती है और बहुत आसानी से और तेजी से फैलती है। आइए जानते हैं इस बीमारी के बारे में सबकुछ विस्तार से-
क्या है नोरोवायरस?
क्लीवलैंड क्लिनिक के मुताबिक नोरोवायरस वायरस का एक समूह है, जो गंभीर उल्टी और दस्त का कारण बनता है। यह एक बहुत ही सामान्य बीमारी है, लेकिन बेहद संक्रामक होता है। नोरोवायरस का के मामले आमतौर पर ठंड के महीनों में मौसमी बीमारी रूप से होता है। यह संक्रमण अमेरिका में फूडबॉर्न डिजीज का प्रमुख कारण है।
पहली बार नोरोवायरस के मामले साल 1968 में अमेरिका के नॉरवॉक, ओहियो के एक स्कूल में आए थे। यही वजह है कि नोरोवायरस के पहले स्ट्रेन को नॉरवॉक वायरस के रूप में जाना जाता था।
नोरोवायरस के लक्षण
नोरोवायरस के लक्षण आमतौर पर वायरस के संपर्क में आने के 12 से 48 घंटे बाद दिखाई देते हैं और एक से तीन दिनों तक रहते हैं। इसके कुछ मुख्य लक्षणों में निम्न शामिल हैं-
दस्त
बुखार
सिरदर्द
पेट दर्द
शरीर में दर्द
उल्टी करना
जी मिचलाना
नोरोवायरस का क्या कारण है?
नोरोवायरस का कारण कैलिसिविरिडे परिवार का एक वायरस बनता है। यह वायरस, जब आपके शरीर में प्रवेश करता है, तो आपके पेट और आंतों में सूजन होने लगती है। यह गैस्ट्रोएंटेराइटिस नामक एक स्थिति है, जो नोरोवायरस के लक्षणों का कारण बनती है।
नोरोवायरस कितना आम है?
नोरोवायरस बहुत आम समस्या है। हर साल वैश्विक स्तर पर इसके करीब 685 मिलियन मामले सामने आते हैं। उनमें से अनुमान के मुताबिक, 200 मिलियन से अधिक मामले बच्चों को प्रभावित करते हैं। यह बीमारी भूमध्य रेखा के ऊपर के देशों में नवंबर और अप्रैल के बीच और भूमध्य रेखा के नीचे के देशों में अप्रैल और सितंबर के बीच सबसे प्रभावित है।
कैसे फैलता है नोरोवायरस?
नोरोवायरस संक्रमण कई तरीकों से फैल सकता है। किसी ऐसे व्यक्ति के निकट संपर्क में आने से जो इस वायरस से संक्रमित है, दूषित सतहों को छूना और फिर उसी हाथ से अपने मुंह या नाक को छूने और दूषित खाना खाने या पानी पीने से भी यह वायरस फैल सकता है।
नोरोवायरस से बचाव
अपने हाथ बार-बार धोएं।
शेलफिश को अच्छी तरह से पकाएं।
फलों और सब्जियों को अच्छे से धोएं।
बीमार होने या कोई लक्षण नजर आने पर घर पर ही रहें।
बीमार होने पर या लक्षण नजर आने पर दूसरों के लिए खाना बनाने से बचें।
Source:
https://www.jagran.com/lifestyle/health-norovirus-outbreak-in-us-know-its-symptoms-transmission-causes-and-everything-you-need-to-you-23660290.html




