News Info
Go back
19 February, 2021, 10:45 PM
Swollen feet: पैर और घुटनों की सूजन को हल्के में लेने की न करें भूल, हो सकती है यह गंभीर बीमारी
शरीर में होने वाली सूजन को साधारण समझना आपको कहीं भारी ना पड़ जाए। इसलिए जरूरी है कि इस बीमारी यानी एडिमा से जुड़ी जानकारी हासिल कर लें।
एडिमा’ क्या आपने इसके बारे में पहले कभी सुना है? अगर हां, तो आप जानते होंगे कि यह कौन-सी बीमारी है। वहीं, अगर आप नहीं जानते, तो आप जरा दिमाग पर जोर डालें और देखें क्या आपने कभी किसी व्यक्ति को शरीर की सूजन से परेशान देखा है।
शरीर में सूजन की समस्या को ही एडिमा कहा जाता है। इसके बहुत से कारण और लक्षण हैं। आज हम आपको एडिमा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण जानकारी देंगे। ताकि आप इस समस्या से बचे भी रहें और अगर आप पीड़ित हैं तो एडिमा की समस्या को ठीक कर पाएं।
अगर आपको यह जानना है कि आपको या आपके किसी अपने को एडिमा है, या साधारण सूजन, तो इसके लिए आप यह देखें कि क्या उन्हें कोई चोट लगी थी, या फिर सूजन की समस्या ऐसे ही हो गई है। अगर किसी तरह की चोट हो और फिर सूजन आए तो इसे एडिमा नहीं कहेंगे।
यानी बिना किसी चोट की वजह से शरीर के विभिन्न अंगों में आई सूजन ही एडिमा है। एडिमा की समस्या पैरों टखनों और चेहरे के अलावा कलाई में भी हो सकती है।
यह समस्या किसी भी व्यक्ति के शरीर में तब पैदा होती है जब टिशूज में अधिक तरल पदार्थ बनने लगता है। तरल पदार्थ बनने का कारण ग्रैविटी यानी गुरुत्वाकर्षण हो सकता है। ऐसा तब होता है जब आप लंबे समय तक या तो बैठे रहते हैं या फिर खड़े रहते हैं। आमतौर पर अधिक गर्म मौसम में खड़े होने से एडिमा की शिकायत हो सकती है। इसके अलावा अगर आप अधिक नमक का सेवन या दवाइयों के साइड इफेक्ट के कारण एडिमा की समस्या पैदा हो सकती है।
साथ ही अगर आपको पहले से ही कुछ स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं हैं, तो भी आपको एडिमा हो सकता है, जैसे हार्ट फेल्योर, लिवर की बीमारी, और किडनी की बीमारी आदि।
अगर आपको बिना किसी वजह के सूजन की समस्या है और आपको लग रहा है कि यह एडिमा है, तो आप डॉक्टर को दिखा सकते हैं। या फिर आप घर पर इसे जांचना चाहते हैं, तो एक काम करें कि जहां भी आपको सूजन है, उस जगह को 15 सेकंड के लिए दबाएं। अगर दबाने के बाद हटाते हैं और वहां डिंपल पड़ता है तो आपको डॉक्टर के पास तुरंत जाना होगा। इसके बाद डॉक्टर कुछ टेस्ट के बाद आपको बता देंगे कि यह एडिमा है भी या नहीं।
गर आपको एडिमा की समस्या किसी अन्य बीमारी के कारण हुई है तो आप इसे नहीं रोक पाएंगे। लेकिन अगर यह आपको केवल अधिक नमक के सेवन की वजह से हुई है तो आपको केवल नमक कम खाना होगा। इससे यह समस्या धीरे धीरे कम हो सकती है।
एडिमा की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए इलाज का एकमात्र तरीका है, इसकी दवाई। आमतौर पर डॉक्टर इस समस्या को कम करने के लिए Diuretic नाम की दवा लेने की सलाह देते हैं। यह दवा पेशाब के रास्ते से तरल पदार्थ और नमक को बाहर निकालने का कार्य करती है। इस दवा को Water Pills के नाम से भी जाना जाता है।
Source:
https://navbharattimes.indiatimes.com/lifestyle/health/swelling-of-the-foot-ankle-and-leg-edema-cause-symptoms-treatment/articleshow/81085091.cms




