News Info
Go back
3 November, 2020, 12:50 AM
अगर आपको डायबिटीज है तो ऐसे करें घावों की देखभाल
ब्लड शुगर (Diabetes) का स्तर जितना ज्यादा होगा, घावों को ठीक होने में उतना ही अधिक समय लगेगा. इसलिए इसे नियंत्रण में रखने की जरूरत है. यदि ऐसा कर सकते हैं, तो यह घावों के ठीक होने की प्रक्रिया भी तेज होगी.
छाले, खरोंच, चोट, घाव ये सब जीवन का हिस्सा है और इन्हें लेकर लोग कोई बहुत चिंता नहीं करते हैं. वे या तो बैंडेज लगा लेते हैं या फिर कोई एंटीबायोटिक क्रीम उनके लिए काम कर जाता है. लेकिन अगर व्यक्ति को डायबिटीज है तो सामान्य-सी खरोंच या कोई कट बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है. इसे नजरअंदाज कर दिया गया या फिर अतिरिक्त सावधानी नहीं बरती गई तो यह गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है. myUpchar के अनुसार यदि त्वचा पर किसी प्रकार के कट या घाव आदि को बिना इलाज किए छोड़ दिया जाए तो इससे गंभीर इन्फेक्शन हो सकता है, जिसे ठीक होने में काफी समय लग जाता है. कुछ गंभीर मामलों में डॉक्टर को पैर का पंजा, पूरा पैर और यहां तक कि टांग भी कटवानी पड़ सकती है.
यदि व्यक्ति को डायबिटीज है, तो घावों को ठीक होने में लंबा समय लगता है. वास्तव में रक्त शर्करा का स्तर जितना अधिक होगा, घावों को ठीक करने में उतना ही अधिक समय लगेगा. लेकिन अच्छी बात यह है कि इन संभावित समस्याओं को चुटकी में कम कर सकते हैं. इसके लिए यह जानना जरूरी है कि घाव की देखभाल कैसे करें.
घावों की नियमित जांच कराएं
इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है. अपने शरीर की सावधानीपूर्वक जांच करें कि कहीं कोई कट, कोई छाले या फफोले, सूजन तो नहीं है. पैरों में कोई सेन्सेशन (हलचल) नहीं है तो इसके लिए अतिरिक्त सर्तक रहना चाहिए. यह डायबिटीज में आम है. अगर शरीर के किसी अन्य हिस्से में घाव या घर्षण है तो प्राथमिक चिकित्सा करें. यदि इससे फायदा नहीं होता है तो डॉक्टर की मदद लें. पैरों को देखने या पहुंचने में परेशानी होती है, तो किसी से अपने पैरों की जांच करने के लिए कहें या अपने पैरों के नीचे देखने के लिए आइने का इस्तेमाल करें.
ड्रेसिंग नजरअंदाज न करें
किसी भी घाव के लिए सही ड्रेसिंग महत्वपूर्ण है और इसे नियमित अंतराल पर बदलने की जरूरत होती है. यह घाव को तेजी से भरने में मदद करेगा, क्योंकि साफ और सही ड्रेसिंग घाव के चारों ओर नमी के स्तर को बनाए रखेगा. ऐसा नहीं करने से इसे ठीक होने में देरी होगी. यह संक्रमणों के जोखिम को भी बढ़ाएगा. अपने डॉक्टर से इसे ठीक से करने का तरीका जानें.
ब्लड शुगर के स्तर को बनाए रखें
ब्लड शुगर का स्तर जितना ज्यादा होगा, घावों को ठीक होने में उतना ही अधिक समय लगेगा. इसलिए इसे नियंत्रण में रखने की जरूरत है. यदि ऐसा कर सकते हैं, तो यह घावों के ठीक होने की प्रक्रिया भी तेज होगी. बेहतर होगा कि एक हेल्दी डाइट लें. प्रोटीन, विटामिन, खनिज और जिंक की रोजाना की जरूरत को डाइट के जरिए पूरा करें. अधिक विटामिन सी से भरपूर फूड्स लें. यह सब रक्त शर्करा के स्तर को बनाए रखने में मदद करेगा और घावों को तेजी से ठीक करेगा.
नियमित रूप से व्यायाम करें
myUpchar के अनुसार, व्यायाम करने से ब्लड सर्कुलेशन सुधरता है. पैरों में रक्त के प्रवाह को बेहतर करेगा और सुन्न होने की समस्या दूर होगी. इसलिए रोजाना व्यायाम जरूर करें. इसके लिए जरूरी नहीं कि जिम जाए हीं, बजाए इसके टहलने जा सकते हैं, घर पर कुछ योगासन करें या वर्कआउट करें. किसी भी शारीरिक गतिविधि से मदद ही मिलेगी. (अधिक जानकारी के लिए हमारा आर्टिकल, टाइप 1 मधुमेह क्या है, प्रकार, कारण, लक्षण, परीक्षण, बचाव और इलाज पढ़ें।) (न्यूज18 पर स्वास्थ्य संबंधी लेख myUpchar.com द्वारा लिखे जाते हैं। सत्यापित स्वास्थ्य संबंधी खबरों के लिए myUpchar देश का सबसे पहला और बड़ा स्त्रोत है। myUpchar में शोधकर्ता और पत्रकार, डॉक्टरों के साथ मिलकर आपके लिए स्वास्थ्य से जुड़ी सभी जानकारियां लेकर आते हैं।)
अस्वीकरण : इस लेख में दी गयी जानकारी कुछ खास स्वास्थ्य स्थितियों और उनके संभावित उपचार के संबंध में शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। यह किसी योग्य और लाइसेंस प्राप्त चिकित्सक द्वारा दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवा, जांच, निदान और इलाज का विकल्प नहीं है। यदि आप, आपका बच्चा या कोई करीबी ऐसी किसी स्वास्थ्य समस्या का सामना कर रहा है, जिसके बारे में यहां बताया गया है तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें। यहां पर दी गयी जानकारी का उपयोग किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या बीमारी के निदान या उपचार के लिए बिना विशेषज्ञ की सलाह के ना करें। यदि आप ऐसा करते हैं तो ऐसी स्थिति में आपको होने वाले किसी भी तरह से संभावित नुकसान के लिए ना तो myUpchar और ना ही News18 जिम्मेदार होगा।
Source:
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-this-is-how-diabetes-patients-should-take-care-of-their-wound-myupchar-bgys-3305209.html




