News Info
Go back
28 September, 2020, 11:13 PM
नाश्ते के लिए बेहतर विकल्प है क्विनोआ, शुगर पेशंट भी चटकारा लेकर खा सकते हैं
नाश्ते में क्विनोआ (Quinoa) खाइए और अपने दिन को ऊर्जा से भरपूर बनाइए। यहां जानें क्विनोआ खाने से कैसे सभी तरह के रोग आपसे दूर रहते हैं...
नाश्ता अगर मनपसंद और स्वादिष्ट हो तो इसे खाकर दिन बन जाता है। ऐसा ही एक नाश्ता है क्विनोआ। अगर आप दिन के पहले फूड के रूप में क्विनोआ का उपयोग करते हैं तो आपके शरीर को पता ही नहीं चलेगा कि थकान किसे कहते हैं...ऐसा इसलिए क्योंकि स्वाद के साथ ही क्विनोआ आपके शरीर को पूरा पोषण भी देता है।
क्विनोआ को हिंदी भाषा में भी क्विनोआ ही कहा जाता है। यह ऊर्जा और पोषण से भरपूर अनाज होता है। यह मुख्य रूप से तीन रंगों में पाया जाता है। इनमें सफेद, लाल और काला क्विनोआ शामिल हैं। रंगों के हिसाब से इनके पोषण में कोई खास अंतर नहीं होता है। इसलिए आप अपनी पसंद के हिसाब से किसी भी रंग का क्विनोआ खाएं आपको संपूर्ण लाभ मिलेगा।
पोषण के गुणों से भरपूर
-क्विनोआ में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो ना केवल हमारे शरीर को ऐक्टिव बनाए रखने का काम करते हैं बल्कि कैंसर और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी खतरनाक बीमारियों से भी बचाते हैं। क्विनोआ में कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीज, विटमिन-बी12 और सभी जरूरी अमीनो एसिड पाए जाते हैं। इनके साथ ही इसमें प्रोटीन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध होता है।
क्विनोआ खाने के शारीरिक लाभ
-जैसा कि हमने बताया कि क्विनोआ किन-किन पोषण के गुणों से भरपूर होता है। उन्हीं के आधार पर यह आपके शरीर को कई तरह की बीमारियों से बचाता है।
-जो लोग अपनी नियमित डायट में क्विनोआ का सेवन करते हैं, उन्हें शुगर होने की आशंका काफी हद तक घट जाती है। क्योंकि क्विनोआ खानेवाले लोगों के शरीर में इंसुलिन की मात्रा सही बनी रहती है।
-क्विनोआ खानेवाले लोगों की हड्डियां कमजोर नहीं होती हैं। क्योंकि इसमें विटमिन-बी12 और कैल्शियम अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इस कारण हड्डियों को जरूरी पोषण मिलता रहता है। इसके साथ ही मैग्नीज और पोटैशियम अस्थी और मज्जा को घनत्व देने में सहायता करते हैं।
रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है
-क्योंकि क्विनोआ खाने से शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व मिलते रहते हैं, इससे आपके शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहती है। इस कारण किसी भी तरह के वायरस और बैक्टीरिया आपके शरीर पर आसानी से हावी नहीं हो पाते हैं।
कैसे खाना चाहिए?
-क्विनोआ दूसरे अनाजों की तरह ही एक प्रकार के बीज होते हैं। आप इन्हें दलिया या खिचड़ी के रूप में बनाकर खा सकते हैं। इन्हें दाल और सब्जियां मिलाकर बनाया जा सकता है। आप साबूदाना, सूजी या अन्य फूड्स के साथ मिलाकर भी इन्हें बना सकते हैं और क्विनोआ के पोषक तत्वों से अपनी सेहत को बेहतर बना सकते हैं।
Source:
https://navbharattimes.indiatimes.com/lifestyle/health/quinoa-is-one-of-the-best-option-for-breakfast-here-are-the-health-benefits-of-quinoa/articleshow/78328402.cms




