News Info
Go back
26 January, 2018, 04:13 AM
NAMO AYUSH INDIA - Iनेतन्याहू दौरा: भारत और इजरायल के बीच समझौते और उसके मायने
पूर्णकालिक कूटनीतिक संबंधों की रजत जंयती वर्ष मना रहे भारत और इजरायल के संबंधों की प्रगाढ़ता और परिपक्वता किसी से छिपी नहीं है। इस मधुर संबंधों को सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजरायली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू की उपस्थिति में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नौ करारों को कर नया अयाम दिया गया। ये प्रमुख समझौते हैं
साइबर सुरक्षा
दोनों देशों ने साइबर क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिए समझौता किया है। इसमें सूचनाओं के आदान - प्रदान, उपकरणों को साझा करना, इजरायली कंपनियों की विशेषज्ञता हासिल करना, प्रशिक्षण और तकनीकी हस्तांतरण जैसे मुद्दे शामिल हैं। साइबर क्षेत्र में सहयोग के लिए मानवसंसाधन क्षमता का निर्माण विभिन्न प्लेटफार्म के जरिए किया जाएगा। इस क्षेत्र में कौशल विकास और प्रशिक्षण पर दोनों देशों का खास जोर होगा।
पेट्रोलियम और गैस क्षेत्र
इस समझौते के तहत दोनों देश तेल व गैस के क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाएंगे। साथ ही द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए साझा आर्थिक परियोजनाओं के विस्तार की संभावना तलाशेंगे। इस क्षेत्र में दोनों देश मिलकर अनुसंधान और तकनीकी सहयोग पर काम करेंगे। इस क्षेत्र में शोध संस्थानों व विश्वविद्यालयों के बीच सेतु बनाने का काम किया जाएगा। जिससे इस क्षेत्र में नए शोध को बढ़ावा दिया जा सके। तेल व गैस क्षेत्र में स्टार्ट अप को बढ़ावा दिया जाएगा।
फिल्म निर्माण
इजरायल और भारत फिल्म निर्माण में सहयोग कर लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की रणनीति को मजबूत करेंगे। पिछले ही साल इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भारतीय फिल्मकारों को इजरायल में आकर शूटिंग करने का प्रस्ताव दे चुके थे। इस करार से दोनों देशों ने सहयोग पर औपचारिक मुहर लगाई है।
चिकित्सा
आयुष मंत्रालय के अंतर्गत केंद्रीय होम्योपैथी शोध परिषद और इजरायल स्थित शारे जेडक चिकित्सा केंद्र से सबद्ध एकीकृत अनुपूरक चिकित्सा केंद्र ने करार किया है। भारत एलोपैथी के अलावा अन्य चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा देने की नीति पर काम कर रहा है और इसमें यह करार अहम होगा। समझौते के तहत नई-नई बीमारियों की होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति से इलाज करने के लिए दोनों संस्थान मिलकर शोध करेंगे और एक दूसरे का सहयोग करेंगे।
अंतरिक्ष विज्ञान
भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं तकनीक संस्थान (आईआईएसटी) और टेकनियोन इजरायल तकनीक संस्थान अंतरिक्ष के क्षेत्र में सहयोग के लिए सहमति पत्र पर दस्तखत किए हैं। इस क्षेत्र में भारत को महारत हासिल है। वहीं, अंतरिक्ष तकनीक का रक्षा में इस्तेमाल की तकनीक इजरायल के पास है। ऐसे में दोनों देश मिलकर इस दिशा में काम करेंगे।
निवेश
दोनों देश एक दूसरे के यहां निवेश को बढ़ावा देने के लिए निवेश संभावनाओं को लेकर सूचनाओं का आदान प्रदान करेंगे। संबंधित कानूनों,नियमों, नीतियों, औरा सरकारी प्रयायों को एक दूसरे के हितों के अनुरूप तर्कसंगत बनाने के अलावा निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए सुविधाएं दी जाएंगी।
अक्षय ऊर्जा
भारत पेरिस करार के तहत कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए कृतसंकल्प है। ऐसे में उसका जोर अक्षय ऊर्जा पर है। इसकी बानगी सोमवार को इस क्षेत्र के लिए दो करार से होती है। पहला करार इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल)और फिनर्जी लिमिटेड के बीच मेटल एयर बैटरी के लिए हुआ। जबकि दूसरा करार भारत के आईओसीएल और इजरायल के येदा रिसर्च एंड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के बीच सौर ताप ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग के लिए हुआ।
वायु परिवहन प्रोटोकॉल
इस समझौते के तहत दोनों देश सहमति वाली सेवाओं के लिए विशेष रूट पर जगह आरक्षित करना, कोड साझा करने जैसे प्रावधान किए गए हैं।
इन क्षेत्रों में बढ़ेगा सहयोग
कृषि व जल क्षेत्र
भारत और इजरायल के बीच कृषि व जल क्षेत्र में सहयोग को लेकर सार्थक बातचीत हुई है। जल संरक्षण, जल की गुणवत्ता सुधारने के लिए इजरायल भारत से तकनीकी साझा करेगा। कृषि क्षेत्र में डेटा, सेंसर व सेटेलाइट के जरिए किसानों को उत्पादन बढ़ाने की तकनीकी उपलब्ध कराई जाएगी।
रक्षा व सुरक्षा क्षेत्र
दोनों देश रक्षा व सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने को तैयार हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस क्षेत्र में हुई बातचीत का विवरण नहीं दिया जा सकता। लेकिन दोनों देशों ने महत्वपूर्ण बात की है। इजरायल ने स्पाइक एंटी टैंक मिसाइल रद्द करने का मुद्दा उठाया।
यरुशलम पर भारत की दो टूक
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने यरुशलम का मुद्दा भी उठाया। लेकिन भारत ने इस मुद्दे पर अपना मत स्पष्ट कर दिया। दोनों देश इस बात पर राजी हुए कि दोनों देशों के बीच संबंध किसी एक मुद्दे से कहीं बढ़कर हैं। भारत ने स्पष्ट किया है कि वह इस मसले पर अपनी नीति नहीं बदलेगा। वहीं इजरायल ने भी इससे हटकर अन्य क्षेत्रों में संबंधों को प्रगाढ़ बनाने पर जोर दिया है।
भारत-इजराइलः संयुक्त राष्ट्र में 1 वोट हमारे रिश्तों को नहीं बदल सकता- नेतन्याहू
Source:
https://www.livehindustan.com/national/story-netanyahu-visits-agreement-between-india-and-israel-and-its-implications-1750509.html




