News Info
8 April, 2016, 03:50 AM
10 अप्रैल को विश्व होम्योपैथी दिवस, दुनिया के 100 देशों में हो रहा है होम्योपैथी से इलाज
लखनऊ। 10 अप्रैल विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय होम्योपैथिक सम्मलेन का आयोजन 9 एवं 10 अप्रैल 2016 को विज्ञान भवन नई दिल्ली में किया जा रहा है। इस सम्मेलन में देश-विदेश के 1500 से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे।
होम्योपैथिक चिकित्सकों के अन्र्तराष्ट्रीय संगठन लीगा मेडिकोरम होम्योपैथिका इण्टरनेशनलिस एवं केन्द्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस सम्मेलन को आयुष मंत्रालय भारत सरकार, केन्द्रीय होम्योपैथी परिषद, फार्मोकोपिया कमीशन ऑफ आई.एस.एम. एण्ड एच., होम्योपैथिक फार्मोकोपिया लैबोरेट्री, राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान कोलकाता एवं अन्य व्यवसायिक संगठनों
का सहयोग प्राप्त है।
यह जानकारी केन्द्रीय होम्योपैथिक परिषद के सदस्य डॉ. अनुरूद्ध वर्मा ने दी है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्री प्रणव मुखर्जी होंगे तथा अध्यक्षता आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्रीपाद नाईक करेंगे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य की देखभाल में होम्योपैथी का एकीकरण करने के मुख्य विचार बिन्दु पर आयोजित सम्मेलन का उद्देश्य भारत एवं विश्व में होम्योपैथी की दशा एवं दिशा, राष्ट्रीय नीतियों के विकास की रणनीति तैयार करना, होम्योपैथी औषधियों की सुरक्षा, गुणवत्ता एवं प्रभावकारिता को मजबूत करना, उच्च स्तरीय गुणवत्तापरक चिकित्सा शिक्षा, अन्तरपद्धति और अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान सहयोग, प्रमाण आधारित चिकित्सा कार्य एवं विभिन्न देशों में स्वास्थ्य देख भाल सेवाओं में होम्योपैथी को उचित स्थान दिलाकर सार्वभौमिक स्वास्थ्य को लक्ष्य को प्राप्त करना है।
उन्होंने बताया कि होम्योपैथी दुनिया के 100 से अधिक देशों में अपनाई जा रही है और होम्योपैथी के क्षेत्र में विश्व में अग्रणी देश है। उन्होंने बताया कि होम्योपैथी के अविष्कारक डॉ. हैनीमैन की जयन्ती 10 अप्रैल को विश्व होम्योपैथी के रूप में मनाई जाती है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय होम्योपैथी परिषद ने विश्व होम्योपैथी को मनाने के लिये देश के सभी होम्योपैथी कालेजों को संगोष्ठियां, कान्फ्रेन्स, शिविर, रोड शो आदि का आयोजन कर होम्योपैथी को लोकप्रिय बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन का भी मानना है कि बिना वैकल्पिक एवं परम्परागत औषधियों को बढ़ावा दिये सार्वभौमिक स्वास्थ्य के लक्ष्य को प्राप्त नहीं किया जा सकता और वैकल्पिक चिकित्सा पद्धितयों में विश्व में होम्योपैथी का प्रमुख स्थान है।
- See more at: http://www.patrika.com/news/lucknow/world-homeopathy-day-on-april-10-1256596/#sthash.s8PSIhgf.dpufSource:
http://www.patrika.com/news/lucknow/world-homeopathy-day-on-april-10-1256596/




