News Info

Go back
योग की बदौलत पैर पर खड़े हो गए पोलियोग्रस्त तेजस्वी

25 March, 2016, 02:38 AM

योग की बदौलत पैर पर खड़े हो गए पोलियोग्रस्त तेजस्वी

शैलेंद्र सिंह, नई दिल्ली। जन्म के नौ महीने बाद ही पोलियो से ग्रस्त बच्चा आज युवा होने पर योग के क्षेत्र में कुछ ऐसा कमाल कर रहा है मानो उसके पैर जिंदा हो गए हों।

जी हां, जेएनयू में बीए ऑनर्स (जर्मन) के विद्यार्थी तेजस्वी कुमार शर्मा ने लगन और परिश्रम से न सिर्फ खुद पैरों पर खड़ा होना सीखा, बल्कि उनसे प्रेरणा पाकर देश ही नहीं, विदेश में भी लोग योग से अपना जीवन बदलने में जुटे हैं।

पहले लाठी, फिर बैसाखी, अब कैलीपर

आरा (बिहार) में 1994 में जन्मे तेजस्वी को नौ माह बाद ही पोलियो हो गया। उनका शरीर 69 फीसदी तक अक्षमता का शिकार हो गया। परिवार की माली हालत ठीक नहीं थी। इसी वजह से उपचार देर से शुरू हुआ।

तेजस्वी के मुताबिक, पिता उन्हें वर्ष 2000 में दिल्ली लाए और फिर सफदरजंग अस्पताल में इलाज शुरू हुआ। उपचार के वक्त लाठी लेकर चलता था, फिर बैसाखी पर आया और आज एक पैर लगभग ठीक है और एक पैर पर कैलीपर बांधता हूं।

उपचार से बना पैशन

तेजस्वी बताते हैं डॉक्टरों ने जब सभी प्रयास कर लिए तो उन्होंने सलाह दी कि व्यायाम से आप और बेहतर स्थिति में पहुंच सकते हैं। इसके बाद पिता की सलाह पर योग शुरू किया। इससे लाभ मिला। योग ही वह माध्यम बना, जिसके बूते आज वे विश्व में अपनी अलग पहचान रखते हैं।

सफलता की शुरुआत 2009 में हुई, जब तेजस्वी ने इंटर स्कूल चैंपियनशिप में हिस्सा लिया। तेजस्वी बताते हैं कि दोस्तों की सलाह पर उन्होंने योग को अपनी पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। तेजस्वी ने वर्ष 2009-10 में ऑल इंडिया योग चैंपियनशिप (पलवल, हरियाणा) जीती। 2011 में योग वर्ल्ड कप, तालकटोरा स्टेडियम में आर्टिस्टिक योग श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया। 2012 में इंटरनेशनल योग चैंपियनशिप, हांगकांग में स्वर्ण पदक जीता। 2014 में इंटरनेशनल योग चैंपियनशिप, शंघाई में रजत पदक जीता। वर्ष 2015 में तेजस्वी ने यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड नामक संस्था के अंतर्गत मोस्ट फ्लेक्सिबल हैंडीकैप योग चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है।

- See more at: http://naidunia.jagran.com/national-stood-at-the-foot-thanks-to-yoga-695301#sthash.27qyP2FC.dpuf








Source:

http://naidunia.jagran.com/national-stood-at-the-foot-thanks-to-yoga-695301
Close
Need Help?
Call us at:
90391-43777
99074-07777
Need Help